{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Cyber Fraud in Bhiwani: क्रेडिट कार्ड से सर्विस चार्ज हटाने के नाम पर 4.56 लाख की ठगी, नूंह से आरोपी गिरफ्तार

भिवानी में क्रेडिट कार्ड सर्विस चार्ज हटाने के नाम पर 4.56 लाख की ठगी। साइबर क्राइम पुलिस ने नूंह के आरोपी को किया गिरफ्तार।
 

क्रेडिट कार्ड सर्विस चार्ज हटाने के नाम पर 4.56 लाख की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

भिवानी हलचल । 25 सितंबर 2026 : थाना साईबर क्राईम पुलिस भिवानी ने क्रेडिट कार्ड पर सर्विस चार्ज हटाने के नाम पर 4,56,626 रुपये की साईबर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार।

पुलिस टीम ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर किया हासिल।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस द्वारा जिले में आम नागरिकों के साथ ऑनलाइन साईबर धोखाधड़ी करने वाले साईबर अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना साईबर क्राईम पुलिस भिवानी ने क्रेडिट कार्ड पर सर्विस चार्ज हटाने के नाम पर साईबर धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

नरेश निवासी शांति नगर, भिवानी, जो भिवानी शहर में ज्वेलर्स की दुकान करते हैं, ने थाना साईबर क्राईम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्होंने करीब एक माह पहले अपना क्रेडिट कार्ड बनवाया था। इसके बाद उनके मोबाइल नंबर पर एक अन्य नंबर से फोन आया तथा व्हाट्सऐप वीडियो कॉल के माध्यम से कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड पर 28,000/- रुपये का सर्विस चार्ज लगा हुआ है। सर्विस चार्ज हटाने का झांसा देकर आरोपी ने शिकायतकर्ता से मोबाइल पर एक नंबर डायल करवाया। इसके बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड से रुपये कटने के मैसेज आने शुरू हो गए। शिकायत के अनुसार, उसके क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 4,56,626/- रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई। शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत थाना साईबर क्राईम भिवानी में दी, जिस पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दिनांक 24.09.2026 को थाना साईबर क्राईम भिवानी की पुलिस टीम ने एएसआई विजय कुमार के नेतृत्व में प्रभावी कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपी को भिवानी से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान हसीन पुत्र साबिर निवासी महरौला, जिला नूंह के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी हसीन ने बताया कि इस अभियोग में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी अफजल को वह बैंक खाता उपलब्ध करवाता था। इसके बदले आरोपी हसीन को 15,000/- रुपये प्रतिमाह मिलते थे। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से साईबर धोखाधड़ी की रकम तथा इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी।