सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने के मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के द्वारा जिला पुलिस को घरों में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने कार्रवाई करते हुए अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है।
मामले के संबंध में दांग कलां निवासी एक महिला ने थाना तोशाम पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पति असम राइफल्स में कार्यरत हैं तथा वह दिनांक 29.03.2026 को अपने मायके गई हुई थी। जब वह 25.04.2026 को वापस अपने घर पहुंची तो देखा कि मकान के पीछे वाले दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी तथा घर के अंदर से आभूषण, नगद रुपये व अन्य सामान चोरी किया गया था। शिकायत पर थाना तोशाम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के मुख्य सिपाही नरेंद्र कुमार ने आरोपी को हिसार से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल पुत्र सुमेर सिंह निवासी दांग कलां, जिला भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से 43,200 रुपये नगद, एक चांदी की अंगूठी, एक चांदी की चेन तथा तीन जोड़ी चांदी की पाजेब बरामद की गई हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अकादमी में रहकर नौकरी की तैयारी कर रहा था। घर से खर्च के लिए पैसे नहीं मिलने के कारण उसने अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।