{"vars":{"id": "123258:4912"}}

प्रदेश सरकार हरियाणा की प्राचीन संस्कृति सांग को फिर से जीवंत करने का काम कर रही है: कृष्ण कुमार बेदी
 

- एसआईआर का मकसद मतदाता सूची में शुद्धिकरण करना है: कृष्ण कुमार बेदी
- विपक्ष के पास आरोप लगाने के सिवाय कुछ नहीं बचा है: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने की गांव उमरावत में हरियाणा कला परिषद और म्हारी संस्कृति-म्हारा स्वाभिमान द्वारा आयोजित पांच दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत
 
 

भिवानी, 19 जून। प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शुक्रवार को गांव उमरावत स्थित सूर्य कवि दादा लख्मीचंद आश्रम में प्रसिद्ध दिवंगत लोक कलाकारों की प्रतिमा स्थापना पर हरियाणा कला परिषद और म्हारी संस्कृति-म्हारा स्वाभिमान के तत्वाधान में 15 जून से आयोजित पांच दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हरियाणा की प्राचीन संस्कृति सांग को फिर से जीवंत करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर मतदाता सूची की शुद्धिकरण के लिए होता है, जो पहले से भी होता रहा है। विपक्ष के पास केवल आरोप लगाने के सिवाय और कुछ नही है। इस दौरान भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक और भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापति व जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल भी मौजूद रहे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री बेदी ने सांग उत्सव में प्रदेशभर से आए लोक कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सेठ ताराचंद के सांग का मंचन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हरियाणा कला परिषद के माध्यम से भी कलाकारों को प्रोत्साहित करने का काम किया है, इससे कलाकारों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सूर्य कवि दादा लख्मीचंद ने हरियाणवी संस्कृति को नई पहचान देने का कार्य किया था और आज उनकी तीसरी एवं चौथी पीढ़ी उसी विरासत को आगे बढ़ा रही है। प्रदेशभर से आए कलाकारों द्वारा रागनी, सांग और लोकगीतों की प्रस्तुति हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक हैं।

इस दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि एसआईआर केवल बीएलओ द्वारा ही नहीं किया जा रहा, बल्कि सभी राजनीतिक दलों ने अपने बीएलए-2 नियुक्त किए गए हैं। सरकार द्वारा एसआर का कार्य पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग देश या प्रदेश छोडक़र कहीं बाहर चले गए, या जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनका नाम मतदाता सूची से हटाना जरूरी है। इसी प्रकार से नए वोट भी बनाना जरूरी है, एसआईआर केवल और केवल मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए होता है, जो पहले भी होता आया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष एसआईआर पर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची शुद्धिकरण का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना है। 18 वर्ष आयु पूरी कर चुके युवाओं के वोट बनाना जरूरी है, इससे मतदाताओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और लोकप्रियता से प्रभावित होकर विभिन्न विपक्षी दलों के नेता भाजपा की ओर आकर्षित हो रहे हैं। आने वाले समय में भाजपा का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।
जी-7 सम्मेलन को लेकर पूछे गए सवाल पर श्री बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। जी-7 सम्मेलन में प्रधानमंत्री का कद, पद और स्तर और अधिक मजबूत हुआ है, जिससे वैश्विक स्तर पर भारत की साख को बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष हमेशा गलत आंकड़े प्रस्तुत कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करता है, लेकिन देश की जागरूक जनता को सच्चाई का पता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेता सदनों में तथ्यों और आंकड़ों पर चर्चा से बचते हैं तथा विदेशों में जाकर देश के खिलाफ बयानबाजी करते हैं।
बॉक्स
भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि सांग मंचन से समाज में समरसता लाने का काम करता है। यह केवल मनोरंजन का माध्यम नही, बल्कि संस्कार भरने का काम करता है। विभिन्न प्रकार के किस्सों की रागनियां हमारा मार्गदर्शन करती हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सांग के महत्व को समझना चाहिए। श्री सर्राफ ने कहा कि कलाकार संस्कृति के आदान-प्रदान करते हैं। अलग-अलग प्रदेशों व दूरदराज क्षेत्रों से आए कलाकारों को सुनने व उनके हुनर को देखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को समृद्ध बनाने के लिए जरूरी हैं।

इस अवसर पर म्हारी संस्कृति-म्हारा स्वाभिमान के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान कौशिक, सरपंच सुधीर शर्मा, पूर्व सरपंच दिनेश कौशिक, रविंद शर्मा, मंजीत शर्मा, राकेश भराणिया, नारायण शर्मा, रामफल शर्मा, पूर्व सरपंच पवन शर्मा के सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी, बड़ी संख्या में लोक कलाकार, सांस्कृतिक प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।