{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Cyber Cell News: एसपी मयंक मिश्रा ने नागरिकों को लौटाए 60 गुम हुए मोबाइल फोन, कीमत करीब 11.50 लाख रुपये

भिवानी साइबर सेल ने सितंबर माह में 60 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी मयंक मिश्रा ने फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।

 

साईबर सेल भिवानी ने सितंबर माह में 60 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए।

पुलिस टीम ने करीब 11.50 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, IPS द्वारा साइबर सेल भिवानी को आम नागरिकों के गुम हुए मोबाइल फोन को प्राथमिकता के आधार पर ट्रेस कर बरामद करने तथा उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए साइबर सेल भिवानी की टीम ने सितंबर माह के दौरान 60 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की है। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 50 हजार रुपये है।

आज पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, IPS द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल फोन वापस मिलने पर नागरिकों ने जिला पुलिस एवं साइबर सेल भिवानी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, IPS ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन केवल संचार का माध्यम नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग संबंधी विवरण, फोटो, दस्तावेज तथा अन्य महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील सूचनाएं भी उपलब्ध रहती हैं। इसलिए मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर प्रत्येक नागरिक को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

मोबाइल फोन गुम होने पर CEIR पोर्टल का करें इस्तेमाल

यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है, तो वह इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें और केंद्र सरकार के Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल का उपयोग करें। CEIR पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपने गुम/चोरी हुए मोबाइल फोन के IMEI नंबर को ब्लॉक करवा सकते हैं तथा मोबाइल फोन मिलने पर उसे अनब्लॉक भी करवाया जा सकता है।

मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में नागरिक https://www.ceir.gov.in/ पोर्टल पर जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। मोबाइल फोन का IMEI नंबर सुरक्षित रखना भी बेहद जरूरी है।

 आमजन से अपील है कि मोबाइल फोन गुम होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचना देकर CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं। जिला पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में मोबाइल फोन को ट्रेस कर वास्तविक मालिक तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।