{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Cyber Crime Bhiwani News: आईपीओ में निवेश के नाम पर 17.98 लाख की ठगी, बेंगलुरु-कर्नाटक से आरोपी गिरफ्तार

भिवानी साइबर क्राइम पुलिस ने आईपीओ में निवेश के नाम पर 17.98 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है।

 

थाना साईबर क्राईम पुलिस भिवानी ने IPO में निवेश के नाम पर 17 लाख 98 हजार रुपये की साईबर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार।

साईबर फ्रॉड की रकम प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध करवाने वाला आरोपी बेंगलुरु, कर्नाटक से गिरफ्तार।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, IPS द्वारा जिला पुलिस को साईबर धोखाधड़ी के माध्यम से आम नागरिकों से रुपये ठगने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने तथा साईबर अपराधों में संलिप्त आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना साईबर क्राईम पुलिस भिवानी ने IPO में निवेश के नाम पर 17 लाख 98 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

गांव पहाड़ी, लोहारू निवासी सुरेंद्र कुमार ने थाना साईबर क्राईम भिवानी में शिकायत देकर बताया था कि उसके साथ Kotak Securities Ltd. में IPO/ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर साईबर धोखाधड़ी की गई। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने व्हाट्सऐप के माध्यम से उससे संपर्क किया और ट्रेडिंग/IPO में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों द्वारा पहले उसे IPO में निवेश के लिए 01 लाख 89 हजार रुपये जमा करवाए गए तथा बाद में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 17 लाख 98 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर करवा ली गई। आरोपियों द्वारा पीड़ित को विश्वास दिलाया गया कि IPO की लिस्टिंग के बाद वह अपनी रकम निकाल सकता है, लेकिन बाद में रकम निकालने में असमर्थ रहने पर उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला।

इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में धारा 319/318(4) BNS के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना साईबर क्राईम भिवानी की टीम ने आरोपी को मन्गलुरु, कर्नाटक से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

मामले में कार्रवाई थाना साईबर क्राईम भिवानी के एएसआई प्रदीप कुमार ने अपनी पुलिस टीम के साथ की। 

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान निशाद पुत्र मोहम्मद, निवासी कलाथिल, मलप्पुरम, केरल के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने साईबर धोखाधड़ी की रकम प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता आरोपियों को उपलब्ध करवाया था, जिसके बदले उसे रुपये मिलने थे। पुलिस द्वारा आरोपी के बैंक खाते एवं साईबर फ्रॉड से जुड़े अन्य लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। मामले में पुलिस द्वारा आगामी अनुसंधान जारी है तथा अभियोग में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के बैंक खातों, लेन-देन तथा साईबर नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, IPS ने आम नागरिकों से अपील की है कि IPO, शेयर मार्केट, ट्रेडिंग या ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देने वाले अनजान व्यक्तियों एवं सोशल मीडिया/व्हाट्सऐप ग्रुपों से सावधान रहें। किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपने बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत साईबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें, ताकि समय रहते ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।