{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- समाधान शिविर की शिकायतों का शीघ्र निपटारा करें अधिकारी: डीसी साहिल गुप्ता
 

भिवानी के लघु सचिवालय में डीसी साहिल गुप्ता ने की समाधान शिविर की समीक्षा बैठक। अधिकारियों को पुरानी व रिओपन शिकायतों का जल्द एटीआर अपलोड करने के कड़े निर्देश।

 
भिवानी, 15 मई। डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर की शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीसी ने विभिन्न विभागों की लंबित एवं रिओपन शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि सभी विभाग पुरानी शिकायतों की एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) को अपडेट करें तथा नई एटीआर अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि विभागों में रिओपन शिकायतों की संख्या कम से कम हो तथा रिओपन शिकायतों का जल्द निपटारा किया जाए। जिन शिकायतों का समाधान जिला स्तर पर संभव नहीं है और मुख्यालय स्तर से संबंधित हैं, उन्हें समय पर मुख्यालय भेजा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतें दोबारा रिओपन न हों। उन्होंने कहा कि रिओपन एवं पुरानी शिकायतों को सीएफएसएस नंबर सहित नई एटीआर के साथ अपलोड किया जाए ताकि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में डीसी ने लंबित समस्याओं से संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें विभागीय स्तर पर निपटाई जा सकती हैं, उनका तत्काल समाधान करें और डिमांड से संबंधित मामलों को अलग श्रेणी में शामिल किया जाए।
समीक्षा बैठक में एडीसी दीपक बाबूलाल कारवा, सीटीएम अनिल कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, सीएमजीजीए रिषव रंजन, डीएफएसी अपार तिवारी, एसई सिंचाई विभाग ओपी बिश्नोई, एसई जनस्वास्थ्य विभाग सुनील रंगा, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीडीए डॉ. विनोद फोगाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।