- डीसी साहिल गुप्ता ने जिले में बाढ़ राहत कार्यों, अमृत सरोवर व जल संचय परियोजनाओं का किया निरीक्षण
भिवानी, 04 जून। डीसी साहिल गुप्ता ने गुरुवार को जिले में मॉनसून सीजन के दौरान संभावित जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए किए गए बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ राहत कार्यों, ड्रेनेज सफाई व्यवस्थाओं, अमृत सरोवर, जल संचय जन भागीदारी (जेएसजेबी) परियोजनाओं, विद्यालयों में जल संरक्षण कार्यों तथा सीवरेज एवं जल निकासी परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सेफ्टी जैकेट पहनकर गांव निनान स्थित वाटर टैंक में नाव का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि मानसून सीजन आने से पहले जलभराव की समस्या से बचाव और बारिश के पानी की निकासी के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी ड्रेनों, नालों अथवा जल निकासी मार्गों में अवरोध है, उन्हें तत्काल दूर किया जाए ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
बॉक्स
- नाव में बैठकर डीसी ने लिया वाटर टैंक का जायजा
बाढ़ राहत कार्यों के निरीक्षण के दौरान डीसी साहिल गुप्ता ने गांव में निनान स्थित जलघर के वाटर टैंक में नाव में सवार होकर जायजा लिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी नावों की स्थिति सही होनी चाहिए ताकि जल भराव जैसी स्थिति में राहत कार्यों में उनका प्रयोग किया जा सके।
बॉक्स
निरीक्षण के दौरान डीसी साहिल गुप्ता गांव कितलाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचे। वहां पर उन्होंने लाइब्रेरी की व्यवस्था को देखा। वहां पर स्कूल प्राचार्य ने डीसी को बताया कि बच्चों को अतिरिक्त क्लास में सामान्य ज्ञान के साथ-साथ रेलवे और बसों में सफर के दौरान होने वाली जरूरी जानकारी के बारे में बताया जा रहा है। वही दूसरी ओर डीसी ने कितलाना में गौशाला में गायों के लिए चारे, पानी और शेड तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निरीक्षण किया। डीसी ने गांव नन्द गांव की ढाणी के खेतों चवे के पानी की निकासी के लिए दबाई गई पाइप लाइन का भी निरीक्षण किया। डीसी ने गांव धीराना कला में आंगनवाड़ी केंद्र में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को देखा।
बॉक्स
- ड्रेनों के अलावा लोहानी स्थित वर्कशॉप में लिया मशीनरी का जायजा
डीसी साहिल गुप्ता लोहानी सिंचाई विभाग की वर्कशॉप में पहुंचे। वहां पर उन्होंने पानी निकासी के लिए प्रयोग में आने वाली पंप सेट आदि मशीनरी का जायजा लिया। इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने डीसी को बताया कि विभाग के पास फिलहाल 42 डीजल सेट और 55 बिजली के सेट हैं।
बॉक्स
इसके अलावा डीसी ने जल संचय जन भागीदारी (जेएसजेबी) परियोजनाओं, रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर, तालाबों एवं नाला बंधों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने एसटीपी दादरी रोड़ भिवानी स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, नंदगांव में आबादी एवं कृषि भूमि को सुरक्षित रखने के लिए बिछाई जा रही पाइप लाइन, प्रेमनगर में मिताथल-घुसकानी लिंक ड्रेन तथा जाटू लोहारी बाईपास पर आरसीसी/डीआई पाइपलाइन कार्य का निरीक्षण किया।
डीसी ने सागवान, ढानी रिवासा, बलियाली-रामपुरा, रतेरा सहित विभिन्न गांवों में विकसित किए गए अमृत सरोवरों का भी जायजा लिया और उनके रखरखाव एवं जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न ड्रेनों की स्थिति का भी निरीक्षण किया।
डीसी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी ड्रेनों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा बाढ़ राहत के लिए आवश्यक संसाधन, पंप सेट, नाव और अन्य उपकरण दुरुस्त हों। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा एवं जलभराव की समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जा रहे हैं।
इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता कॉफी बिश्नोई व दिनेश राठी, डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीईओ निर्मल दहिया, कार्यकारी अभियंता संभव जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।