{"vars":{"id": "123258:4912"}}

डीएमसी हरबीर सिंह ने शहर में विभिन्न जगहों पर किया विकास कार्यों का निरीक्षण
 

- निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा: डीएमसी
 
 

भिवानी, 23 जून। डीएमसी हरबीर सिंह ने मंगलवार को शहर में नगर परिषद द्वारा करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्माण मानकों की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
डीएमसी ने शहर में कृष्णा कॉलोनी, फ्रेंड्स कॉलोनी की नवनिर्मित गलियों तथा सेक्टर-13 की मुख्य मार्केट में बनाई गई पार्किंग सडक़ का मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में प्रयोग की गई सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने के साथ-साथ कार्यों की पैमाइश भी करवाई गई। जिला नगर आयुक्त ने संबंधित कॉलोनियों के निवासियों से बातचीत कर विकास कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता के बारे में भी जानकारी ली।
जिला नगर आयुक्त ने कहा कि नगर परिषद भिवानी द्वारा शहर में करवाए जा रहे विकास कार्यों की नियमित रूप से जांच की जाएगी ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी फर्म अथवा ठेकेदार द्वारा विकास कार्यों में निर्धारित मानकों के विपरीत या निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया पाया गया तो संबंधित फर्म या ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करना नगर परिषद की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता जसवंत सिंह, सहायक राहुल तथा संबंधित ठेकेदार भी उपस्थित रहे।