Haryana Bar Association Update: भिवानी कोर्ट परिसर में विकास कार्यों को लेकर मंथन, मीडिया से आधिकारिक पुष्टि करने की अपील
जिला बार एसोसिएशन भिवानी के नवनिर्वाचित सदस्यों ने चैंबरों का निरीक्षण किया। बी ब्लॉक में नई लिफ्ट और विकास कार्यों को लेकर सचिव सचिन सिंगला ने दी जानकारी।
जिला बार एसोसिएशन भिवानी के नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्यों ने बार एसोसिएशन के चैम्बरों का निरीक्षण किया तथा बार एसोसिएशन के सचिव सचिन सिंगला एडवोकेट ने बताया कि बार एसोसिएशन के तीनों ब्लॉक ए, बी,सी में रिपेयरिंग एवं रंग रोगन करवाए हुआ काफी समय हो गया है तथा जल्दी ही इस कार्य को करवाने के बारे में भी विचार किया जाएगा तथा बी ब्लॉक में लगने वाली नई लिफ्ट की जगह का भी अवलोकन किया। बी ब्लॉक में एक नई लिफ्ट लगनी है जिसका एक कंपनी के साथ पहले ही एग्रीमेंट हो चुका है और कंपनी के अकांउट में बार एसोसिएशन के चैंक के जरिए तीन लाख छियानवे हजार तीन सौ रूपए ट्रांसफर हो चुके है। सचिन सिंगला एडवोकेट ने आगे बताया कि एसोसिएशन का कार्य नवनिर्वाचित कार्यकिरिणी के सदस्यों की देख रेख में सुचारू रूप से हो रहा है।
जिला बार एसोसिएशन का अपना संविधान है तथा बार एसोसिएशन का कोई भी निर्णय बार एसोसिएशन के कार्यकारिणी के सदस्यों की मीटिंग करके लिया जाता है। बार एसोसिएशन से सम्बंधित फैसले अकेला कोई भी पदाधिकारी नहीं ले सकता है। बार एसोसिएशन के निर्णय बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के सदस्यों के द्वारा मीटिंग करके प्रस्ताव पास के किए जाते है। अभी तक बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की मीटिंग में बार एसोसिएशन भिवानी की तरफ से आधिकारिक तौर पर किसी भी कमेटी का गठन नहीं किया गया है और न ही इस प्रकार का कोई प्रस्ताव पास किया गया है।
सचिन सिंगला एडवोकेट ने मीडिया के सभी सम्मानित साथियों से आग्रह किया है कि भविष्य में जिला बार एसोसिएशन भिवानी से संबंधित कोई भी जानकारी या न्यूज, प्रिंट मीडिया, ब्रॉडकास्ट मीडिया, डिजिटल या सोशल मीडिया में देने से पहले उसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि अवश्य कर ले। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन की उप प्रधान रश्मि ठाकुर, सह सचिव रेखा भुक्कल, कैशियर संतोष सैन, ऑडिटर नीर कैलाश, लाइब्रेरियन भारती रंगा, सत्यपाल शर्मा एडवोकेट, सुरेंद्र शेखावत, सुधीर खनगवाल, दीपेश सारसर, रवि वर्मा, जितेंद्र शर्मा, संजय राठौड़, भूपेंद्र खटक, नवीन बसोर, शुभम मेहरा, शिवम वर्मा, आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।