{"vars":{"id": "123258:4912"}}

दादरी गेट और ढ़ाणा रोड पर पानी का हाहाकार : नागरिकों ने विधायक आवास का किया घेराव
 

3 साल से बूंद-बूंद को तरस रहे लोग, कई बार शिकायत के बावजूद भी अधिकारी नहीं ले रहे सूध : कालिया
 
 
भिवानी, 25 मई : स्थानीय दादरी गेट और ढ़ाणा रोड क्षेत्र में पीने के पानी की भारी किल्लत को लेकर स्थानीय निवासियों का धैर्य अब जवाब दे गया है। पिछले कई महीनों और कुछ गलियों में तो पिछले 3 सालों से पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे आक्रोशित नागरिकों ने सोमवार को भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक भगवानदास कालिया के नेतृत्व में विधायक घनश्याम सर्राफ के आवास का घेराव किया तथा रोष जताते हुए ज्ञापन सौंपा।
      जनता की इस गंभीर समस्या को सुनने के बाद भिवानी के विधायक घनश्याम दास सराफ ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने मौके से ही जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की और उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द इस पेयजल संकट का स्थाई समाधान करने के सख्त निर्देश दिए। विधायक ने पीडि़त नागरिकों को भी आश्वस्त किया कि उनकी पानी की इस जायज समस्या को प्राथमिकता के आधार पर बहुत जल्द दूर कर दिया जाएगा।
     भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक भगवानदास कालिया ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक और निंदनीय है कि दादरी गेट व ढ़ाणा रोड की देवियों, बुजुर्गों और बच्चों को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए इस भीषण गर्मी में दर-दर भटकना पड़ रहा है। ढ़ाणा रोड़ की सभी गलियों में पानी की सप्लाई का बुरा हाल है। गली नंबर 5, 8 और 9 के हालात तो इतने बदतर हैं कि वहां पिछले 3 सालों से पानी ही नहीं आया है। अगर कभी कभार पानी छोड़ा भी जाता है, तो वह महज 10 मिनट में बंद हो जाता है। क्या आम जनता सिर्फ 10 मिनट के पानी के भरोसे अपना जीवन काट सकती है।
      कालिया ने कहा कि स्थानीय लोग पिछले कई महीनों से लिखित में अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। विभाग के कर्मचारियों को बार-बार शिकायत दी गई, यहाँ तक कि एक्सईन और एसडीओ के दफ्तरों में जाकर उन्हें मौके की स्थिति भी दिखाई गई। लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। अधिकारियों की इसी घोर लापरवाही और सुस्ती के कारण आज सैकड़ों परिवार नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सरकारी सिस्टम की इस सुस्ती को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
    नागरिकों ने मांग की कि जो पानी सिर्फ 10 मिनट आकर बंद हो जाता है, उसकी समय सीमा बढ़ाई जाए ताकि लोगों के घरों तक पानी पहुंच सके, गली नंबर 9 में पानी की पाइपलाइन में जो अवैध गुल्ला (रुकावट/प्लग) लगा रखा है, उसे तुरंत खुलवाया जाए ताकि पानी का फ्लो सुचारू हो सके, कोर्ट रोड से आने वाली पानी की जो मुख्य लाइन थाना रोड में जा रही है, उस लाइन को दादरी गेट चौक से सीधे जोड़ा जाए, ताकि पूरे क्षेत्र में पानी का प्रेशर बढ़ सके, पानी की सप्लाई लाइनों को दुरुस्त करने के लिए थाना रोड से अन्य व्यवधानों को तुरंत साफ किया जाए।
     इस मौके पर रामचन्द्र, रामनिवास, सुमित्रा, बिमला, निर्मला, कृष्णा, पवन, रीतु, संजना, ममता, रिंकी, अंगूरी, राज, सावित्री, गुड्डी, शीली भगत जी सहित भारी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।