भिवानी में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण
मातृशक्ति और प्रकृति का अनूठा संगम है एक पेड़ मां के नाम अभियान : विधायक घनश्याम सर्राफ
भिवानी, 06 जून : पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ स्थानीय पंचायत घर मे शनिवार को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह जानकारी देते हुए भाजपा स्वच्छता विभाग के जिला संयोजक रमेश सैनी एवं पर्यावरण प्रहरी विजय सिंहमार ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक घनश्याम सर्राफ ने शिरकत की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रतिभा सुमन व मीना परमार भी मौजूद रही। इस दौरान पंचायत घर परिसर में भाजपा नेताओं ने पौधे रोपे और उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस मौके पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक पेड़ मां के नाम अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, मातृशक्ति और प्रकृति के प्रति सम्मान का एक जन-आंदोलन बन चुका है। जिस तरह एक मां अपने बच्चे का पालन-पोषण निस्वार्थ भाव से करती है, उसी तरह प्रकृति और पेड़-पौधे भी हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन और सुरक्षा प्रदान करते हैं। भिवानी का प्रत्येक नागरिक अगर अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो हम आने वाली पीढिय़ों को एक स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त वातावरण सौंप सकेंगे। इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री प्रतिभा सुमन ने कहा कि आज ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में पौधारोपण कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बन गया है। महिलाओं की इसमें भागीदारी हमेशा से अग्रणी रही है। पंचायत घर में आज जो पौधे लगाए गए हैं, वे आने वाले समय में न केवल छाया और शुद्ध हवा देंगे, बल्कि हमें हमारी सामाजिक जिम्मेदारी की याद भी दिलाते रहेंगे। स्वच्छ पर्यावरण ही एक स्वस्थ समाज की नींव है। इस अवसर पर जिला महामंत्री रेखा राघव, रमेश सैनी, रिंकू ख्यालीराम, रमेश पचेरवाल, विशालजीत सिंह, विजय सिंहमार, आनंद तंवर, अशोक बिड़लान, दिनेश जांगड़ा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।