भिवानी में प्रवेश मार्ग का होगा सौंदर्यीकरण:ढाई करोड़ से 2 किलोमीटर लंबा रास्ता सुधरेगा
भिवानी शहर के सभी प्रवेश द्वारों पर हरियाली के साथ-साथ दोनों तरफ बेहतरीन फुटपाथ और राजस्थानी पत्थरों के तराशे गए गमले नजर आएंगे।
जो शहर की स्वच्छता और सुंदरता को पंख लगाने में सहयोगी होंगे। इसी कड़ी में सोमवार को विधायक घनश्याम सर्राफ और नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने नारियल फोड़कर हांसी रोड के सौंदर्यीकरण के कार्य का शुभारंभ करवाया।
बासिया भवन हांसी गेट से लेकर जुई नहर तक की सड़क के दोनों तरफ पैदल चलने के लिए फुटपाथ बनवाए जाएंगे। डिवाइडर पर पाम के पौधे और फूलदार पौधे तथा रोशनी के लिए विक्टोरिया लैम्प लगवाए जाएंगे। उक्त सभी कार्यों का शुभारंभ किया गया। इस कार्य पर करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत आएगी।
उसके बाद शहर की स्वच्छता को पंख लग जाएंगे। इस मार्ग के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा होने के बाद फिर लोहारू रोड, महम रोड, रोहतक रोड के अलावा अन्य छोटे बड़े सभी प्रवेश मार्गों के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू करवाया जाएगा। ताकि बाहर से आने वाले को भिवानी शहर एक अच्छे व स्वच्छ शहर के रूप में नजर आए।
इस मौके पर वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि संदीप सिंह, पार्षद सुभाष तंवर, पार्षद संदीप यादव, पार्षद सूर्या तंवर, पूर्व पार्षद अशोक के अलावा अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
नगरपरिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने बताया कि हांसी रोड के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू करवाया गया। इस कड़ी में सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ बनवाए जांएगे। इनके अलावा डिवाइडर पर फूलदार पौधे लगवाने तथा अलग तरह की लाइटें लगवाए जाने की योजना है।
इनके अलावा चौक चौराहों के अलावा फुटपाथों पर भी राजस्थानी पत्थरों को तराश कर गमले तैयार करवाए जाएंगे। जिनमें विभिन्न प्रकार के फूलदार पौधे रोपित होंगे।
शहर के सभी प्रवेश मार्गों का इसी तरह से सौंदर्यीकरण करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि चिड़ियाघर रोड पर साइकिल ट्रैक और जॉगिंग ट्रैक बनवाया जाएगा। विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि शहर के प्रवेश मार्गों के सौंदर्यीकरण का कार्य नगरपरिषद द्वारा करवाया जा रहा है। जिस पर करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत आएगी।