{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पेड़ बचाओगे तभी सुखी रह पाओगे : भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति ने आंधी में गिरे 15 वर्ष पुराने शीशम के पेड़ को दिया नया जीवन

एक बड़े पेड़ को बचाना, नए पौधे लगाने से है ज्यादा उपयोगी : के.के. वर्मा 
 

भिवानी, 30 जून : पेड़ बचाओगे तभी सुखी रह पाओगे, इस प्रेरणादायक और पर्यावरण-हितैषी संदेश के साथ भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति और सीनियर सिटीजन क्लब के सदस्यों ने शहर में संरक्षण की एक अनूठी मिसाल पेश की है। स्थानीय सेक्टर-13 स्थित सीनियर सिटीजन क्लब परिसर में करीब 10 दिन पहले आए आंधी-तूफान के कारण एक विशाल लगभग 15 वर्ष पुराना शीशम का पेड़ जड़ से उखडक़र गिर गया था। समिति और क्लब के सदस्यों ने अपनी कड़ी मेहनत और सामूहिक सहयोग से इस गिरे हुए पेड़ को दोबारा सीधा खड़ा कर उसे पुनर्जीवित करने का ऐतिहासिक प्रयास किया है।
      सीनियर सिटीजन क्लब की देखरेख और व्यवस्था संभाल रहे ओमप्रकाश पोपली ने इस गिरे हुए पेड़ को बचाने के लिए भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के संयोजक के.के. वर्मा से मोबाइल पर संपर्क किया और इसे बचाने का निवेदन किया। सूचना मिलते ही समिति के सदस्य तुरंत एक्शन में आए और वृद्धाश्रम के सदस्यों के साथ मिलकर इस भारी-भरकम शीशम के पेड़ को मशीनी व आपसी शारीरिक सहयोग से दोबारा मिट्टी में सीधा खड़ा करवाया।
     समिति के संयोजक के.के. वर्मा ने इस मौके पर उम्मीद और पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि उन्हे पूरा भरोसा है कि यह शीशम का पेड़ दोबारा हरा-भरा होकर पुनर्जीवित होगा। हमारी समिति का यह कोई पहला प्रयास नहीं है। इससे पहले भी हम आंधी-तूफान में गिरे करीब 25 विशाल वृक्षों को इसी तरह सीधा खड़ा करके बचा चुके हैं। उन्होंने आम जनता से भी अपील करते हुए कहा कि अगर आपके आसपास आंधी या तूफान के कारण कोई बड़ा पेड़ गिर जाता है, तो उसे मृत मानकर काटने की बजाय भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति को इसकी सूचना दें, ताकि उसे बचाने का प्रयास किया जा सके।
      इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले समिति के सदस्य और विज्ञान अध्यापक संदीप वधवा ने कहा कि एक बड़े पेड़ को बचाना, अनेकों छोटे पौधे लगाने से भी अधिक उपयोगी और महत्वपूर्ण है। एक पेड़ को बड़ा होने में 10 से 15 साल का लंबा समय लगता है। अक्सर लोग आंधी में गिरे पेड़ को थोड़ा सा प्रयास करके बचाने की बजाय, उसे काटने का पाप कर बैठते हैं। हमें इस मानसिकता को बदलना होगा और गिरे हुए पेड़ों को सहेजना होगा। इस अभियान में भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति: से हरिनारायण दहिया, मास्टर वेद प्रकाश, विनय शर्मा और अमर दीप, सीनियर सिटीजन क्लब से ओम प्रकाश पोपली, संदीप वधवा, प्रदीप सभरवाल, अशोक मुंजाल, डी.पी. बजाज, महेंद्र परूथी और सत्यवान आदि ने सराहनीय भूमिका निभाई।