भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति ने जड़ी-बूटी दिवस पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
भिवानी:
गत वर्षो की भांति इस बार भी भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति ने आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिन को जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मनाया।
इस दौरान समिति द्वारा 25 ट्री गार्ड, 250 पौधे, पक्षियों के 50 घोसले व पांच दाना पानी टीन, 10 गोग्रास पात्र भाजपा जिला प्रधान विरेंद्र कौशिक के हाथों वितरित करवाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने समिति के कार्यों की भूरि भूरि प्रशंसा की और इस क्षेत्र में कार्यरत समिति व अन्य उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों को प्रशासन से अधिक से अधिक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान पं सीताराम बीएड कॉलेज के प्राचार्य विकास शर्मा ने महम गेट से बड चौक तक सडक़ निर्माण के दौरान नष्ट हुए पेड़ों के स्थान पर नए पौधे ट्री गार्ड सहित रोपित करवाने की मांग रखी।
इस मौके पर स्टैंड विद नेचर के संस्थापक डा. लोकेश भिवानी ने पर्यावरण प्रदूषण व बिगड़ते जलवायु पर विस्तार से प्रकाश डाला।
भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के संयोजक केके वर्मा ने बताया कि समिति ने पिछले चार वर्षो मे हजारों पौधे ना केवल भिवानी के विभिन्न स्थानों (30 स्थानों से अधिक) पर बल्कि आसपास के गावों में भी लगाकर उनका संरक्षण किया है। 400 बड़े पेड़ों को लोहे के ट्री गार्डों से मुक्त करवाया, कबाड़ से जुगाड़ के अंतर्गत 300 से अधिक ट्री गार्ड बनाकर वितरित कर सैकड़ो पौधों को बचाया, पक्षियों के लिए 300 से अधिक घोंसले व दाना पानी टीन पार्कों में लगवाए व बांटे, गायों के लिए 50 गो ग्रास पात्र पोलो पर लगाए या वितरित किए यह सभी वस्तुएं अभी भी बनाई जा रही हैं और बांटी जा रही है।
यही नहीं आंधी व तूफान के दौरान गिरे 15 से अधिक पेड़ों को सीधे खड़े करवा कर पुनर्जीवित किया। बड़े पेड़ों के नीचे पैदा होने वाले छोटे पौधों को चकलाने की मशीन बनाकर उसके द्वारा निकाल कर पौधा बैंक शुरू किया, बीज व गुठलियों को बचाकर बीज बैंक की स्थापना की। नगर में कहीं से भी निवेदन आने पर भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति पौधे लगाने के लिए तैयार रहती है बशर्ते कि पौधे लगवाने वाला उनका संरक्षण करें।
इस मौके पर पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी व बीपीएसएस के सदस्य सुरेंद्र बडेसरा ने समिति द्वारा पौधे, पशु पक्षी व जीव जंतु संरक्षण में हर मांगने वाले को सहयोग देने की प्रशंसा की। श्यामबाग समिति अध्यक्ष राधा कृष्ण चावला ने समिति के सहयोग से श्यामबाग में 250 से अधिक पौधारोपण करवाने की प्रशंसा की।
बाल सेवा आश्रम के प्रबंधक वेद प्रिय आर्य ने कहा कि जहां कबाड़ जलाने से प्रदूषण बढ़ता है, वही समिति ने कबाड़ से जुगाड़ के अंतर्गत उसका सदुपयोग कर पर्यावरण को बचाने में दोहरा लाभ दिया है।
धीर नेत्र अस्पताल की संचालक डा. चंचल धीर ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद दिया तथा अधिक से अधिक पौधे संरक्षित करने का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित राजेश डूडेजा रक्तवीर की 160 बार रक्त देकर मानव जीवन बचाने के कार्य की प्रशंसा की।
बी के जावला जे ई, दीवान चंद रहेजा पूर्व प्रशासक हालुवासिया विद्या विहार, लक्ष्मी नारायण जिंदल, सुरेंद्र बडेसरा,लोकेश कुमार व अन्य पर्यावरण प्रेमियों के कार्यों की भी प्रशंसा की गई। संयोजक केके वर्मा ने अपील की है कि गत वर्ष की भांति रक्षाबंधन पर अपने लगाए पौधों को राखी बांधे और 15 अगस्त को उनका जन्मदिन मनाकर पर्यावरण के प्रति अपनी भूमिका अदा करें।
कार्यक्रम में रमेश पचेरवाल,श्रीपाल यादव, हरि नारायण दहिया , राजपाल धनाना, डॉ भीम गुप्ता, जेके रोहिल्ला, सुभाष वर्मा,राजेश जांगड़ा,सुनील डावर,अजीत,जग्गन गंभीर, रोहतास वर्मा, सुरेश शर्मा,मनोज वर्मा, राजकुमार,नरेश मोर, नीरज वर्मा, नवीन वर्मा, शंकर सोनी, राहुल, उज्जवल, अरुण सैनी, मनोज, विपिन, वरूण व अनेक महम गेट व्यापारियों एवं दुकानदारों ने भाग लेकर पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया।