{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी गौशाला को चारा अनुदान की दूसरी किस्त जारी, विधायक ने सौंपा गौशाला ट्रस्ट को चैक
 

हरियाणा सरकार ने भिवानी की गौशालाओं के लिए ₹72,83,640 की चारा अनुदान राशि जारी की। विधायक घनश्यामदास सर्राफ ने श्री गौशाला ट्रस्ट को सौंपी दूसरी किस्त।

 

भिवानी,30 अप्रैल। हरियाणा सरकार द्वारा हरियाणा गौ सेवा आयोग के माध्यम से प्रदेश की गौशालाओं को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पशु चारा अनुदान राशि निरंतर प्रदान की जा रही है। इसी कड़ी में वीरवार को श्री गौशाला ट्रस्ट भिवानी, गौ सेवा दल भिवानी तथा भिवानी विधानसभा क्षेत्र की अन्य गौशालाओं को वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत अनुदान की राशि दी गई। श्री गौशाला ट्रस्ट भिवानी की दूसरी किस्त भिवानी के विधायक घनश्यामदास सर्राफ के माध्यम से ड्राफ्ट/चैक 7283640 रुपए गौशाला ट्रस्ट प्रधान पुरुषोत्तम दास अग्रवाल को सौंपा गया।


इस मौके पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने बताया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रथम किस्त तथा वर्तमान द्वितीय किस्त के उपयोगिता प्रमाण पत्र आयोग को प्रस्तुत किए जाने के उपरांत तीसरी एवं अंतिम किस्त भी जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्राप्त अनुदान राशि का उपयोग गौशाला में निवासरत गौवंश के लिए उच्च गुणवत्ता वाले हरा व सूखे चारे की सुविधाओं  में किया जाएगा, जिससे गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। श्री गौशाला ट्रस्ट भिवानी के पदाधिकारियों ने हरियाणा सरकार तथा हरियाणा गौ सेवा आयोग पंचकूला एवं विधायक एवं वरिष्ठ ट्रस्टी घनश्याम दास सर्राफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग गौ सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है। इस अवसर पर श्री गौशाला ट्रस्ट भिवानी के संरक्षक नंदकिशोर अग्रवाल, प्रधान पुरुषोत्तम दास अग्रवाल, सचिव कमल प्रसाद अग्रवाल, सहसचिव हनुमान मौजूद रहे।