एमएनएस महाविद्यालय की छात्राओं ने राज्य स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी में गाड़े झंडे, जीता 80 हजार का इनाम
विज्ञान प्रश्नोत्तरी जैसे प्रतियोगिताओं से युवाओं में बढ़ता है वैज्ञानिक दृष्टिकोण : जगबीर सिंह श्योराण
Apr 17, 2026, 13:33 IST
भिवानी, 17 अप्रैल : शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता को सिद्ध करते हुए महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय की छात्राओं ने एक बार फिर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। करनाल के दयाल सिंह कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भिवानी की टीम ने अपनी मेधा का परिचय देते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में हरियाणा के चारों जोनों की सर्वश्रेष्ठ 12 टीमों ने भाग लिया था। ये वही टीमें थीं जिन्होंने अपने-अपने जोन में प्रथम तीन स्थानों पर कब्जा किया था। इतने कड़े और उच्च स्तरीय मुकाबले में भिवानी राजकीय महाविद्यालय की बी.एस.सी. की छात्राओं मुस्कान, जया और दीपाली शर्मा की त्रिमूर्ति ने विज्ञान के जटिल प्रश्नों का बड़ी ही सटीकता से उत्तर दिया और उप-विजेता बनकर उभरीं। विजेता टीम को सम्मान स्वरूप ट्रॉफी और 80 हजार की नकद राशि प्रदान की गई। गौरतलब है कि इस टीम की सफलता का सफर निरंतरता की मिसाल है। राज्य स्तर पर डंका बजाने से ठीक पहले 2 अप्रैल को हिसार जोन में आयोजित जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में भी इस टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 20 हजार रूपये का इनाम जीता था। इस प्रकार इस होनहार टीम ने अपनी प्रतिभा के बल पर कुल एक लाख रूपये की पुरस्कार राशि अपने नाम की है। छात्राओं की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कॉलेज परिसर में उत्सव का माहौल रहा। कॉलेज पहुंचने पर विजेता टीम और उनके मार्गदर्शक टीम इंचार्ज सहायक प्रोफेसर डॉ. रविकांत का भव्य स्वागत किया गया। प्राचार्य और अन्य प्राध्यापकों ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस मौके पर प्राचार्य जगबीर सिंह श्योराण ने कहा कि आज का युग विज्ञान का युग है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से ना केवल विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी विकसित होता है। हमारी टीम ने लगातार कई वर्षों से जोनल और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, जिसका पूरा श्रेय हमारे विज्ञान संकाय के प्राध्यापकों की मेहनत और छात्राओं के समर्पण को जाता है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पिछले कई वर्षों से संस्थान विज्ञान के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। प्राचार्य ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसी जीत अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर डा. हरिओम शर्मा, अनिल कुमार, डा. कुलवीर सिंह, सतीश कुमार, सुनीता, कुसुम, निधि, सलमा खान, सुषमा, हीना, शक्ति, सुधीर सहित समस्त स्टाफ सदस्यों ने छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं दीं।