{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Grain Market Update: बाजरे पर मिलेगा 2900 रुपये प्रति क्विंटल भाव, चेयरमैन रामकिशन शर्मा ने भिवानी मंडी का लिया जायजा

भिवानी अनाज मंडी पहुंचे हरियाणा राज्य भंडारण निगम अध्यक्ष रामकिशन शर्मा। बाजरा ₹2900 MSP पर खरीदने व भावांतर भरपाई योजना का दिया भरोसा।

 

 किसानों के बाजरे का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदेगी हरियाणा सरकार: रामकिशन शर्मा

 हरियाणा राज्य भंडारण निगम अध्यक्ष ने अनाज मंडी का दौरा कर बाजरा व धान की खरीद का लिया जायजा

भिवानी, 19 अक्टूबर।   हरियाणा राज्य वेयर हाउस निगम के चेयरमैन रामकिशन शर्मा ने सोमवार को भिवानी की अनाज मंडी का दौरा कर बाजरा एवं धान की खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में खरीद प्रक्रिया का निरीक्षण किया और किसानों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है और बाजरे की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2900 रुपए प्रति क्विंटल पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों से दो से 25-30 एकड़ तक जमीन लेकर गोदामों का निर्माण करवाया जाएगा, ताकि किसान की मेहनत का एक-एक दाना सुरक्षित रखा जा सके। यह जमीन मुख्य सडक़ मार्ग के समीप होनी जरूरी है।

चेयरमैन श्री शर्मा ने कहा कि किसानों को मंडी में फसल बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी, इसके लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा बाजरा व धान फसल खरीद शुरु होने से पहले ही संबंधित अधिकारियों को जरूरी व सख्त निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसान के बाजरे की निर्धारित एमएसपी का भाव मिलेगा। प्राईवेट एजेंसियों द्वारा 2300 से 2450 रुपए प्रति क्विंटल तक बाजरे की खरीद की जा रही है, शेष भावांतर राशि सरकार देगी। किसान को पूरा 2900 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों को सभी जरूरी सुविधा मुहैया करवाई जा रही हंै।

इसके साथ ही उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल बेचने के दौरान दिक्कतों का सामना ना करना पड़े। इस दौरान मार्केट कमेटी सचिव संदीप लोहान ने चेयरमैन रामकिशन शर्मा को बताया कि रविवार शाम तक मंडी में एक लाख 53 हजार 173 क्विंटल बाजरे की आवक हुई है, जिसमें 94000 क्विंटल बाजरा बिक्री हो चुका है। उन्होंने बताया किसानों की सुविधा के लिए मंडी में पेंटर बैठाया गया है, यदि किसी टै्रक्टर पर नंबर नहीं लिखा होता तो उस पर नंबर लिखवा दिया जाता है, ताकि गेट पास कटने में दिक्कत ना आए।

इस दौरान वेयर हाऊस के जिला प्रबंधक दिलबाग सिंह, मार्केट कमेटी चेयरमैन कृष्ण नीलाहेड़ी चेयरमैन, मंडी प्रधान भुरू बंसल, संजय वधवा वाइस चेयरमैन, शिवराज बागड़ी, माधव मण्डल अध्यक्ष, सुनील भारद्वाज धारेडू, नविता तंवर केशव मण्डल अध्यक्ष, पवन शर्मा, जयवीर बड़ेसरा, सुनील कलिंगा, तेजराम जांगड़ा, मुकेश शर्मा मार्केट कमेटी सदस्य, राजबाला रंगा, पवन नौरंगाबाद, आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।