{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Hanuman Johri Dham Bhiwani Plantation: भिवानी के हनुमान जोहड़ी धाम में 'हवा' अभियान के तहत पौधारोपण; SDM ने लिया पौधा गोद

हनुमान जोहड़ी धाम में 'हवा' अभियान के तहत सघन पौधारोपण। एसडीएम विपिन कुमार व महंत चरणदास महाराज ने दिया संदेश।
 

हनुमान जोहड़ी धाम में हवा अभियान के तहत सघन पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पर्यावरण संतुलन के लिए पौधारोपण व उनकी देखभाल करने की मुहिम अपनाना जरूरी : एसडीएम विपिन कुमार 

भिवानी, 25 अगस्त : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के विस्तार की दिशा में एक सशक्त पहल करते हुए स्थानीय हनुमान जोहड़ी धाम में सघन वन योजना के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। हमारा अपना फाउंडेशन की महत्वाकांक्षी परियोजना हमारा अपना वन अभियान (हवा) के तहत आयोजित यह कार्यक्रम महंत बालयोगीचरणदास महाराज के सानिध्य एवं आशीर्वाद से संपन्न हुआ। पूरा आयोजन महाराज की प्रेरणा और मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसका संयोजन फाउंडेशन के संस्थापक सचिन जैन ने किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महंत चरणदास महाराज ने पर्यावरण की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वृक्ष लगाना ही सच्ची मानव सेवा है। शास्त्रों में भी एक वृक्ष को 100 पुत्रों के समान बताया गया है।

जो व्यक्ति निष्ठापूर्वक एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करता है, उसे सौ यज्ञों के समतुल्य पुण्य फल प्राप्त होता है। धरती हमारी माता है और हरियाली उसका आवरण है, इसलिए प्रकृति की रक्षा करना हम सभी का परम कर्तव्य है। इस अवसर पर महम के एसडीएम विपिन कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने पर्यावरण संतुलन के लिए इस प्रकार के अभियानों को अत्यंत आवश्यक बताया और स्वयं एक पौधा गोद लेकर उसकी देखभाल का संकल्प लिया। प्रशासनिक स्तर पर इस पहल की सराहना करते हुए उन्होंने समाज के हर वर्ग को आगे आने का आह्वान किया। इस मौके पर हमारा अपना फाउंडेशन के संस्थापक सचिन जैन ने बताया कि आयोजन के दौरान प्रकृति संवर्धन से जुड़े दो महत्वपूर्ण संकल्प भी लिए गए। पहले संकल्प के तहत हमारा अपना परिवार संगठन द्वारा हवा वन के एक पूरे सेक्टर को गोद लेकर उसे आदर्श हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। वहीं दूसरे संकल्प के अंतर्गत डा. महेंद्र पंवार ने अपनी माता की स्मृति में वन क्षेत्र के भीतर एक सेतु निर्माण में पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की। समारोह में दोनों संगठनों के सदस्यों और स्थानीय प्रबुद्धजनों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। इस मौके पर डॉ. महेंद्र पंवार, सचिन जैन, एस के सिंह, गजराज जोगपाल, मनोज शर्मा, निर्लेप माहेश्वरी, सुरेंद्र शर्मा, प्रदीप शर्मा, धर्मेंद्र भाटिया, संतोष नागर, सुनीता मेहरा, हरीश मेहरा, सुनीता रापरिया, मनोज परमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प दोहराया।