{"vars":{"id": "123258:4912"}}

जूनियर वल्र्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता हिमांशी जांगड़ा का भिवानी में स्वागत
 

आईएसएसएफ जूनियर वल्र्ड चैंपियनशिप की शूटिंग स्पर्धा में हिमांशी जांगड़ा ने जीता कांस्य पदक, जांगड़ा समाज ने किया सम्मानित
प्रतिभा का सही दिशा व अवसर मिले तो उपलब्धि के आगे छोटा पड़ जाता है आसमान : राजेश जांगड़ा
 
 

भिवानी, 24 जून : खेल नगरी के नाम से मशहूर भिवानी के बेटे-बेटियों ने समय-समय पर विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर ना केल अपने क्षेत्र, बल्कि प्रदेश व देश का नाम भी अंतर्राष्ट्रीय पटल पर चमकाने का काम किया है। इसी फेहरिस्त में अब भिवानी की हिमांशी जांगड़ा का नाम भी जुड़ गया है, जिन्होंने आईएसएसएफ जूनियर वल्र्ड चैंपियनशिप की शूटिंग पिस्टल स्पर्धा में देश के लिए कांस्य पदक हासिल किया है। पदक विजेता बेटी हिमांशी का खेल प्रेमियों ने स्थानीय ढ़ाणा रोड़ स्थित उनके निवास पर पहुंचकर सम्मान किया तथा हिमांशी की उपलब्धि को अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बताया। कबड्डी पैराओलंपिक एसोसिएशन हरियाणा द्वारा लाडली बेटी को स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर स्मृति स्वरूप सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन व सेवानिवृत्त बीईओ राजेंद्र सिंह ने खिलाड़ी हिमांशी को अपना स्नेहिल आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल, समृद्ध और स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि हिमांशी ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर न केवल देश का तिरंगा लहराया है, बल्कि हरियाणा और भिवानी जिले का नाम भी पूरी दुनिया में रोशन किया है। इस मौके पर जांगड़ा महासभा के उपाध्यक्ष श्रीराम जांगड़ा एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश जांगड़ा ने कहा कि हमारी बेटियां आज हर क्षेत्र में देश का मान बढ़ा रही हैं। हिमांशी जांगड़ा ने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट संकल्प और खेल के प्रति निष्ठा से यह साबित कर दिया है कि अगर प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिले, तो आसमान भी छोटा पड़ जाता है। उनकी यह सफलता जांगड़ा समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है। समाज को अपनी इस होनहार बेटी पर अत्यंत गर्व है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश जांगड़ा ने कहा कि सरकार की खेल नीतियों और खिलाडिय़ों के अथक परिश्रम का ही परिणाम है कि आज हमारी बेटियां खेलों में नया इतिहास रच रही हैं। हिमांशी की यह जीत भिवानी के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय है। इस अवसर पर कैप्टन महावीर जांगड़ा, धूप सिंह संगठन सचिव महासभा, लाल चंद जांगड़ा महामंत्री, राजेंद्र छपारिया उपाध्यक्ष जांगड़ा महासभा, शंभु दया राजोतिया, सुदेश बामणिाया, मा. ओमप्रकाश पूर्व प्रधान जांगड़ा महासभा, सहित अनेक खेलप्रेमी मौजूद रहे।