{"vars":{"id": "123258:4912"}}

स्वास्थ्य विभाग में हाहाकार : 3 महीने 19 दिन से वेतन न मिलने पर फूटा एचकेआरएन कर्मचारियों का गुस्सा
 

कर्मचारियों के हक को दबाने की कोशिश कर रही है सरकार व प्रशासन : जिला प्रधान दीपक तंवर
 
 

भिवानी, 01 मई : एक तरफ जहां पूरा देश मजदूर दिवस के अवसर पर श्रमिकों के अधिकारों का जश्न मना रहा था, वहीं दूसरी तरफ शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के कर्मचारियों के लिए मजदूर दिवस का दिन संघर्ष, शोषण और आक्रोश का प्रतीक बन गया है। लगभग चार महीने (3 महीने और 19 दिन) से अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई का इंतजार कर रहे इन कर्मचारियों का सब्र अब पूरी तरह जवाब दे चुका तथा स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एचकेआरएन कर्मचारियों ने बकाया वेतन ना मिलने के कारण शुक्रवार को स्थानीय चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में हरियाणा कर्मचारी यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले एक घंटे का जोरदार रोष प्रदर्शन किया।


      कर्मचारियों का आरोप था कि उन्हें अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर और जनवरी के 19 दिन का वेतन अभी तक नहीं मिला है। सवाल यह है कि आखिर आम आदमी के पेट पर लात मारकर प्रशासन कौन सा सुशासन साबित करना चाहता है। इस मौके पर हरियाणा कर्मचारी यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान दीपक तंवर ने कहा कि वे लगातार अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। बकाया वेतन को लेकर उन्हें पूरी जानकारी दी गई, लेकिन अधिकारी हैं कि कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं। किसी भी अधिकारी की तरफ से कोई ठोस आश्वासन तक नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है कि जिस दिन श्रमिकों के सम्मान में मई दिवस मनाया जाता है, उसी दिन स्वास्थ्य विभाग के ये कर्मचारी अपने हक के लिए धरने पर बैठने को मजबूर थे।


     साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि विभाग ने तुरंत प्रभाव से एचकेआरएन कर्मचारियों का बकाया वेतन जारी नहीं किया, तो यह रोष प्रदर्शन एक बड़े और उग्र आंदोलन का रूप ले लेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की होगी। ंप्रदर्शन के दौरान मई दिवस के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई, लेकिन साथ ही प्रशासन के उस क्रूर चेहरे का भी पर्दाफाश किया गया जो कर्मचारियों के हक को दबाने की कोशिश कर रहा है। कर्मचारियों के इस रोष प्रदर्शन को विभिन्न मजदूर और कर्मचारी संगठनों का भी पूरा समर्थन मिला। इस एक घंटे के प्रदर्शन में शामिल होकर हुक्मरानों को यह चेतावनी दी गई कि कर्मचारी अब और शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे।
     इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुमेर आर्य, ब्लॉक प्रधान अशोक गोयत, कामरेड ओमप्रकाश, सुखदेव, लोकेश, सुखदर्शन सरोहा, अनुप कोंटिया, कामरेड रवि खन्ना ने समर्थन दिया। इस अवसर पर प्रवीण बड़ेसरा, कर्मवीर, राजकुमार, अजीत, नवीन, संदीप, बिजेंद्र, राखी, पूनम, सोनिया, सुदेश, सुमन सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।