{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग़ से करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार: डीसी साहिल गुप्ता
 

भिवानी में 4-5 जुलाई को होने वाली HTET परीक्षा की तैयारियों की डीसी ने समीक्षा की। परीक्षा में पारदर्शिता और सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध।

 

भिवानी, 03 जुलाई। डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में चार व पांच जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी नही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की संयुक्त जिम्मेदारी है।
डीसी श्री गुप्ता ने परीक्षा के लिए नियुक्त सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट, शिक्षा बोर्ड की फ्लाइंग टीम तथा सेंटर सुपरिटेंडेंट को निर्देश दिए कि वे परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार एंट्री, शत-प्रतिशत फ्रिक्सिंग तथा बायोमैट्रिक सत्यापन को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी को भी मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं होगी।  
डीसी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, बस प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी सेंटर सुपरिटेंडेंट एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे परीक्षा से पूर्व केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, बायोमैट्रिक व्यवस्था, फ्रिक्सिंग व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक प्रबंधों का स्वयं निरीक्षण कर निर्धारित प्रपत्र में अपनी रिपोर्ट आज ही शाम तक प्रशासन को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों की पूरी गंभीरता से पालना की जाए तथा अभ्यर्थियों से संबंधित सभी दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन किया जाए।  
बैठक में एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश अनिल कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, डीएसपी अनूप कुमार, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू, परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।