{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- भिवानी में अवैध कॉलोनी पर चला प्रशासन का बुलडोजर, इंटरलॉक टाइल व कच्चा रोड नेटवर्क तोड़ा
 

भिवानी में डीटीपी विभाग ने अवैध कॉलोनी के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई। ढाणा लाडनपुर रोड पर 3 एकड़ में बने सड़क नेटवर्क को किया ध्वस्त। प्लॉट खरीदने से पहले सावधान रहें।

 

भिवानी, 16 जून।जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र भिवानी में अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिला नगर योजनाकार भिवानी, ड्यूटी मजिस्ट्रेट जय सिंह एसडीओ (सिविल) बवानीखेड़ा तथा हरियाणा स्टेट एन्फोर्समेंट ब्यूरो थाना भिवानी के सहयोग से एक संयुक्त अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान शहरी क्षेत्र भिवानी के मौजा भिवानी-जोगपाल स्थित भिवानी-ढाणा लाडनपुर रोड पर लगभग तीन एकड़ में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी में बनाए गए इंटरलॉक टाइल तथा कच्चे सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया।

जिला नगर योजनाकार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अवैध कॉलोनियों में संपत्ति खरीदने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें तथा प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि शहरी एवं नियंत्रित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करने से पूर्व संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति लेना सुनिश्चित करें।

उन्होंने नागरिकों से हरित पट्टियों, आरक्षित क्षेत्रों तथा अनधिकृत स्थानों पर निर्माण कार्य नहीं करने का भी आग्रह किया और नियमों का पालन करने की अपील की।