Bhiwani Inter School Road Safety Quiz: भिवानी में सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, 1.48 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
जिला पुलिस भिवानी द्वारा इंटर स्कूल रोड सेफ्टी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का किया गया आयोजन।
लेवल-1, 2, 3 एवं 4 की परीक्षा में पूरे जिले में कुल 1,48,931 विद्यार्थियों ने लिया भाग, उत्तीर्ण विद्यार्थी आगामी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में होंगे शामिल।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, IPS के निर्देशानुसार जिला पुलिस भिवानी द्वारा विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज दिनांक 31.08.2026 को जिला भिवानी के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं आईटीआई में इंटर स्कूल रोड सेफ्टी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लिया।
रोड सेफ्टी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर के अनुसार लेवल-1, लेवल-2, लेवल-3 एवं लेवल-4 की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा का आयोजन प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया गया। जिला भिवानी में आयोजित इस परीक्षा में चारों लेवलों को मिलाकर कुल 1,48,931 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों एवं सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनाना है। विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने तथा अन्य महत्वपूर्ण यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
उत्तीर्ण विद्यार्थी आगामी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
परीक्षा में निर्धारित मापदंड के अनुसार उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को आगामी चरण में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित की जाने वाली ब्लॉक स्तरीय रोड सेफ्टी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद प्रतियोगिता को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगामी स्तरों तक ले जाया जाएगा।
✍️ पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, IPS के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रोड सेफ्टी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक क्राइम भिवानी श्री अनुप कुमार ने कहा कि बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देना सड़क सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का अर्थ पूरे समाज को जागरूक करना है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का स्वयं पालन करें तथा अपने अभिभावकों एवं अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने अभिभावकों से भी अनुरोध किया कि वे अपने नाबालिग बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने की अनुमति न दें तथा वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग को सुनिश्चित करें।