International Day of Older Persons Bhiwani: सिनियर सिटीजन क्लब सेक्टर-13 में हुआ भव्य आयोजन, वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान पर हुई चर्चा
भिवानी के सेक्टर-13 स्थित सिनियर सिटीजन क्लब में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और अधिकारों पर चर्चा हुई।
सिनियर सिटीजन क्लब सेक्टर-13 में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस
वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर, उनके अनुभव का लाभ नई पीढ़ी को मिले
भिवानी,02 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा सिनियर सिटीजन क्लब, सेक्टर-13 में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक सहभागिता तथा समाज में उनके योगदान पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार शर्मा, समाजसेवी चिरंजीलाल सांवरिया, पार्षद संदीप यादव एवं सुभाष तंवर तथा सत्यवान हसान ने संबोधित किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से जगजीत सिंह सैनी एवं रविन्द्र भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार वरिष्ठ नागरिक कल्याण के अंतर्गत सीनियर सिटीजन क्लबों की स्थापना, वरिष्ठ नागरिक स्वैच्छिक सेवाओं तथा भरण-पोषण एवं अपीलीय ट्रिब्यूनल जैसी व्यवस्थाएं संचालित करती है।
वहीं दूसरी वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक केवल उम्रदराज व्यक्ति नहीं, बल्कि अनुभव, ज्ञान और जीवन मूल्यों की अमूल्य पूंजी हैं। परिवार एवं समाज को उनके अनुभवों का लाभ लेना चाहिए और उन्हें सम्मान, सुरक्षा तथा गरिमापूर्ण जीवन उपलब्ध कराने के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए। वरिष्ठ नागरिकों को भी अपनी क्षमता एवं अनुभव के अनुसार समाजसेवा और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, भरण-पोषण और मानसिक स्वास्थ्य को भी महत्वपूर्ण विषय के रूप में उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्गों की देखभाल केवल आर्थिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार और समाज की नैतिक जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पीढ़ियों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। युवा पीढ़ी को वरिष्ठों के अनुभव से सीखने तथा वरिष्ठ नागरिकों को भी नई पीढ़ी की तकनीकी जानकारी एवं ऊर्जा से जुड़ने का अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं गरिमा को बनाए रखने तथा समाज में उनके सक्रिय योगदान को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ओमप्रकाश पोपली, आजाद सिंह, जगत सिंह बहमनी, राम अवतार मेहन्दीया, डॉ. फूलसिंह, राजेन्द्र दहिया, जयभगवान शर्मा, अमरपाल चहल, अजीत नांदल, कैप्टन राममेहर जांगड़ा, धनपत ठेकेदार, सूरजभान मलिक, रामधन जांगड़ा, मनीष यादव, हरिकिशन सिवाच, तिलकराज अरोड़ा, लेखराज मुंडेजा, अशोक कुमार मेहन्दीरता, प्रमोद जैन, एस.के. गिरधर सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।