ITI Bhiwani Red Ribbon Club Event: डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आईटीआई में रेड रिबन क्लब का आयोजन, बनाई मानव श्रृंखला
आईटीआई में एचआईवी एड्स से बचाव व जागरूकता को लेकर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
भिवानी, 26 अगस्त। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में स्थानीय राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता एवं बचाव को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को एचआईवी/एड्स के कारणों, संक्रमण के माध्यमों तथा इससे बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान रेड रिबन क्लब के सदस्य सोमवीर एवं राज कुमार आर्य ने प्रशिक्षणार्थियों को एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने एचआईवी संक्रमण के प्रमुख कारणों, इसके फैलने के माध्यमों, बचाव के उपायों तथा इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता कार्यक्रम के पश्चात संस्थान परिसर में प्रशिक्षणार्थियों द्वारा रैली व मानव श्रृंखला बनाकर एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान प्रशिक्षक नरेंद्र पंघाल सहित अनेक प्रशिक्षणार्थियों ने एचआईवी/एड्स के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।