Women Empowerment Bhiwani: महिलाओं को हुनरमंद और आत्मनिर्भर बना रही है जामपुर सेवा समिति, साल के पहले बैच का समापन
भिवानी की जामपुर सेवा समिति द्वारा संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में 65 महिलाओं को सफलतापूर्वक कोर्स पूरा करने पर प्रमाण पत्र बांटे गए।
जामपुर सेवा समिति का सराहनीय प्रयास : 65 महिलाओं को नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण के बाद बांटे गए प्रमाण पत्र
महिलाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार से जोडऩा है समिति का उद्देश्य : गोपाल कृष्ण पोपली
भिवानी, 06 अक्तूबर : महिलाओं और युवतियों को आर्थिक रूप से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जामपुर सेवा समिति भिवानी एक बेहतरीन मिसाल पेश कर रही है। स्थानीय कृष्णा कॉलोनी चार मरला स्थित जामपुर भवन में संचालित स्व. वासदेवी गंगाराम बजाज धर्मार्थ महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन स्थानीय कृष्णा कॉलोनी स्थित की तीकिया सभागार में किया गया। समारोह में 6 महीने का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली 65 महिला प्रशिक्षार्थियों को उनके हुनर व कौशल के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह वर्ष 2026 के पहले सत्र की बैच थी। कार्यक्रम का शुभारंभ जामपुर सेवा समिति के प्रधान गोपाल कृष्ण पोपली एवं महासचिव विनोद मिर्ग ने समिति के अन्य सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। सिलाई सेंटर के मुख्य प्रबंधक सुरेश कुमार गाड्ढी (शीलम) ने बताया कि यह केंद्र पूरी तरह से समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
ट्रस्ट की ओर से प्रशिक्षुओं को सुई, धागा, कपड़ा और सिलाई से जुड़ा अन्य सभी सामान पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा, प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार की गई पोशाकें (ड्रेस) भी वे स्वयं अपने साथ घर ले जाती हैं। इस मौके पर जामपुर सेवा समिति के प्रधान गोपाल कृष्ण पोपली एवं महासचिव विनोद मिर्ग ने बताया कि हमारा मुख्य उद्देश्य समाज की उन महिलाओं और युवतियों को हुनरमंद बनाना है, जो आत्मनिर्भर बनकर अपने पैरों पर खड़ी होना चाहती हैं। जब एक महिला आर्थिक रूप से सशक्त होती है, तो पूरा परिवार प्रगति करता है। स्व. वासदेवी गंगाराम बजाज धर्मार्थ सिलाई केंद्र के माध्यम से हम महिलाओं को ऐसा प्लेटफॉर्म दे रहे हैं, जहां वे बिना किसी आर्थिक बोझ के सिलाई-कढ़ाई सीखकर अपना खुद का रोजगार शुरू कर सकती हैं। समिति भविष्य में भी समाज सेवा के इस पवित्र कार्य को इसी तरह निरंतर जारी रखेगी। इस अवसर पर रविंद्र अग्गी, रवि चांदना, राजकुमार जावा, सुनील वधवा, प्रेम धमीजा, महेंद्र हंस, श्याम मिर्ग, नरेश हंस, बालकृष्ण सनेजा, जगदीश सेहरा, संजय धमीजा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।