झरवाई गांव में फुटबॉल का नया सवेरा : खेल नर्सरी के लिए ट्रायल में 25 उभरते सितारों का चयन
ट्रायल में चयनित खिलाड़ी गांव की आने वाली खेल पीढ़ी की है नींव : सरपंच कमला देवी
May 1, 2026, 13:43 IST
भिवानी, 01 मई : ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में गांव झरवाई के फुटबॉल ग्राउंड में खेल नर्सरी के लिए ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस ट्रायल प्रक्रिया के माध्यम से 8 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के 25 प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों का चयन किया गया है। यह चयन पूर्णत: उनकी खेल क्षमता, अनुशासन और मैदान पर उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। ट्रायल का आयोजन खेल कोच जगत, गांव की सरपंच कमला देवी और सरपंच प्रतिनिधि राजेश कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ। सुबह से ही मैदान पर खिलाडिय़ों की भीड़ जुटने लगी थी, जो अपनी किक और ड्रिबलिंग कौशल से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। चयन प्रक्रिया के बाद खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कोच जगत ने कहा के गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही दिशा और तकनीकी मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। इस नर्सरी का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र में ही फुटबॉल की बारीकियां सिखाना है। चयनित 25 खिलाड़ी अब आधुनिक प्रशिक्षण पद्धति से गुजरेंगे ताकि वे भविष्य में जिला और राज्य स्तर पर गांव का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने बताया कि ट्रायल में चयनित हुए 8 से 14 वष्र्ष के खिलाडिय़ों को 1500 रूपये तथा 15 से 19 वर्ष तक के बच्चों को 2 हजार रूपये प्रति माह प्रशिक्षण भत्ता दिया जाएगा। सरपंच कमला देवी कहा कि हमारी पंचायत का लक्ष्य है कि झरवाई का हर युवा नशे और अन्य बुराइयों से दूर रहकर खेलों की ओर अग्रसर हो। खेल नर्सरी के माध्यम से हम खिलाडिय़ों को न केवल बेहतर ग्राउंड और सुविधाएं देंगे, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें आगे बढऩे के लिए हर संभव सहयोग मिले। चयनित हुए 25 खिलाड़ी हमारे गांव की आने वाली खेल पीढ़ी की नींव हैं।