{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani District Employment Office Update: 5 सितंबर तक चलेगा उद्यमिता पखवाड़ा, युवाओं को मिल रहे स्वरोजगार व कौशल विकास के अवसर

भिवानी जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित मेले में 20 अभ्यर्थियों का चयन। 5 सितंबर तक चलेगा उद्यमिता पखवाड़ा।
 

उद्यमिता पखवाड़ा एवं रोजगार मेले में 100 से अधिक युवाओं ने लिया भाग

20 अभ्यर्थियों का हुआ चयन, युवाओं को रोजगार, कौशल विकास व व्यावसायिक मार्गदर्शन की दी जानकारी

भिवानी, 26 अगस्त। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार लघु सचिवालय स्थित जिला रोजगार कार्यालय द्वारा बुधवार को उद्यमिता पखवाड़ा एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें कौशल विकास एवं स्वरोजगार के संबंध में आवश्यक जानकारी देना है।

इस दौरान जिला रोजगार अधिकारी दिनेश एवं सहायक रोजगार अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि रोजगार मेले में आईसीआईसीआई बैंक, श्री लक्ष्मी टूल टेक इंजीनियरिंग, भिवाड़ी अलवर, रमया हेल्थ केयर, सुपर डीलक्स स्पोर्ट्स भिवानी सहित कई कंपनियों ने भाग लिया। मेले में 100 से अधिक प्रार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 20 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

उन्होंने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय, भिवानी अब अपने नए पते लघु सचिवालय के कमरा नंबर 19 में पूरी तरह व्यवस्थित हो चुका है। युवाओं को रोजगार से जोडऩे के लिए कार्यालय द्वारा निरंतर रोजगार मेलों एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले में उपस्थित सभी अभ्यर्थियों को रोजगार संबंधी जानकारी के साथ-साथ कौशल विकास, व्यावसायिक मार्गदर्शन एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उद्यमिता पखवाड़ा पांच सितंबर तक मनाया जा रहा है, जिसके तहत युवाओं को रोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित विभिन्न अवसरों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।