{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Lohani Village Accident: रक्षाबंधन से पहले घर लौट रहे बिजली कर्मियों के साथ हादसा, दो की मौत और एक घायल

भिवानी के लोहानी गांव के पास कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में चरखी दादरी के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
 

भिवानी : भिवानी के गांव लोहानी के नजदीक एक कार व मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इस हादसे में चरखी दादरी जिले के गांव उमरवास निवासी 2 युवकों की मौत हो गई। वहीं तीसरे व्यक्ति को गंभीर चोटें आई है, जिसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। इधर, मामले की सूचना मिलते ही जुई कलां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं परिजनों के बयान पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। 

बता दें कि मृतकों की पहचान चरखी दादरी के गांव उमरवास निवासी करीब 34 वर्षीय प्रदीप व करीब 35 वर्षीय राजेंद्र के रूप में हुई है। जो आपस में रिश्ते में परिवार में भाई लगते हैं। वहीं गांव उमरवास निवासी करीब 37 वर्षीय इंद्र को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। 

 वैगनार गाड़ी ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर
 चरखी दादरी जिले के गांव उमरवास निवासी पूर्व सरपंच विजय मोटू ने बताया कि उनके गांव के प्रदीप, राजेंद्र व इंद्र प्राइवेट ठेकेदार के पास बिजली का काम करते हैं। वीरवार को तीनों अपने काम से वापस घर लौट रहे थे। इसलिए वे भिवानी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकले।

जब वे गांव लोहानी के नजदीक पहुंचे तो वैगनार गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने 2 (प्रदीप व राजेंद्र) को मृत घोषित कर दिया। वहीं इंद्र की हालत गंभीर होने के कारण उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। 

प्रदीप 3 बच्चों के पिता तो राजेंद्र थे 2 बच्चों के पिता
 उन्होंने बताया कि प्रदीप शादीशुदा है और उसको 3 बच्चे हैं। जिनमें से 2 लड़के व एक लड़की है। प्रदीप पांच बहन-भाईयों में दूसरे नंबर का था। उससे बड़ी केवल एक बहन हैं। वहीं प्रदीप के एक भाई की पहले मौत हो चुकी है। फिलहाल प्रदीप का एक भाई व 2 बहन जीवित हैं।

वहीं राजेंद्र भी शादीशुदा है और उनको 2 लड़के हैं। वे पांच भाई-बहन हैं, जिनमें से 3 भाई व 2 बहन हैं। राजेंद्र तीसरे नंबर का है। वहीं इंद्र भी शादीशुदा है और 3 बच्चों के पिता हैं। रक्षाबंधन के पर्व से पहले इस हादसे के कारण पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है। 

केस दर्ज करके जांच शुरू
जुई कलां पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एएसआई अमित कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव लोहानी के नजदीक एक्सीडेंट में 2 लोगों की मौत की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई। मृतकों के परिवार वालों से शिकायत प्राप्त हुई है। जिसके आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।