{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Maharaja Agrasen Trust Bhiwani: महामंडलेश्वर साध्वी करुणागिरी व विधायक सर्राफ ने किया निशुल्क वस्त्रालय का उद्घाटन

छोटी काशी भिवानी में महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट द्वारा निशुल्क वस्त्रालय का लोकार्पण किया गया। जानें रामदेव तायल की आगामी मुफ्त भोजनालय और अस्पताल निर्माण की योजनाएं।

 

छोटी काशी भिवानी में मानवता और सेवा की एक और अनूठी पहल : महाराजा अग्रसेन निशुल्क वस्त्रालय का लोकार्पण


भविष्य में भिवानी में आधुनिक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल स्थापित करने की भी है योजना : रामदेव तायल


भिवानी, 05 अगस्त : धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी भिवानी में सामाजिक सरोकारों को एक नया आयाम देते हुए महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट द्वारा संचालित महाराजा अग्रसेन निशुल्क वस्त्रालय का लोकार्पण किया गया। महामंडलेश्वर साध्वी करुणागिरी महाराज के पावन सानिध्य और भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ की गरिमामयी उपस्थिति में स्थानीय सोमवारी माता मंदिर के नजदीक स्थित यह सेवा केंद्र जनता को समर्पित किया गया। इस पहल से ना केवल जरूरतमंदों को सहायता मिलेगी, बल्कि छोटी काशी का मान-सम्मान भी और अधिक बढ़ेगा।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर साध्वी करुणागिरी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन भगवान श्री राम के वंशज हैं और अग्रवाल समाज उन्हीं की संतान है। समाज सेवा के ये संस्कार इन्हें विरासत में मिले हैं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि जिन लोगों के पास जरूरत से ज्यादा वस्त्र या फुटवियर हों, वे इस केंद्र में आकर भेंट करें ताकि वे समय पर जरूरतमंदों के काम आ सकें। साध्वी श्री ने कहा कि सेवा कार्य करने के लिए घर-बार छोडऩे की आवश्यकता नहीं है, बल्कि समाज में रहकर निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोग भी संतों जैसा ही महान कार्य कर रहे हैं।  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस सेवा केंद्र के खुलने से भिवानी का मान और बढ़ा है। यहां महाराजा अग्रसेन के समाजवाद के आदर्शों और कल्पना को धरातल पर साकार किया जा रहा है। उन्होंने वस्त्रालय की पूरी संचालन समिति और टीम को बधाई देते हुए इसके उज्जवल भविष्य की कामना की।


ट्रस्ट के अध्यक्ष रामदेव तायल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और घोषणा की कि उन्होंने अपने व्यावसायिक जीवन से सन्यास ले लिया है और अब अपना शेष जीवन पूरी तरह से मानवीय सेवा कार्यों के लिए समर्पित कर चुके हैं। उन्होंने भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि वस्त्रालय के सफल संचालन के बाद उनकी अगली योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क भोजनालय शुरू करने की है। इसके साथ ही, निकट भविष्य में भिवानी में एक आधुनिक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल स्थापित करने की भी योजना है। कार्यक्रम के दौरान आस्था स्पेशल स्कूल के छात्र शुभम ने अपनी मधुर आवाज में एक सुंदर भजन प्रस्तुत किया, जिसने वहां उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया। ट्रस्ट के अध्यक्ष रामदेव तायल ने आस्था स्कूल के प्रतिभाशाली बच्चों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साधु-संतों के सानिध्य में आस्था स्कूल के बच्चों को नई ड्रेस भी भेंट की गईं, जिससे बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई।
      

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के सचिव अधिवक्ता सुरेंद्र जैन ने ट्रस्ट द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों और भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन सेवा केंद्र के संयोजक रमेश बंसल द्वारा किया गया। इस अवसर पर देवेंद्र गुप्ता, दीपक गर्ग, नंदकिशोर अग्रवाल, नरेश गर्ग ढिगावा, देवराज तोशामिया, पवन गोयल, नवीन गुप्ता, रवि कामरेड, नथूराम केडिया, कृष्ण कुमार तोला, सुंदर जिंदल, बैजनाथ जैन, पारस डालमिया, उषा देवी गोयल, सुमन शर्मा संचालिका आस्था स्कूल, विजय शर्मा, अनिल बंसल, नरेश बंसल, लक्ष्मण अग्रवाल, अनिल सिंगला, सुरेश केडिया, अनिल जैन, विकास जैन, पवन मित्तल, सतीश तायल, विष्णु घी वाला, बृजेश आचार्य, प्रदीप मिश्रा, वीरेंद्र कुमार और सुनील शर्मा आदि शामिल रहे।