मानहेरू की बेटियों ने खंड स्तरीय प्रतियोगिता में गाड़े सफलता के झंडे, तीन स्पर्धाओं में जीता प्रथम स्थान
भिवानी, 10 जुलाई : डिपार्टमेंट ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा के तत्वावधान में आयोजित खंड स्तरीय प्रतियोगिता में गांव मानहेरू स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्कूल और गांव का नाम रोशन किया है। स्थानीय राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह गिल ने की, जबकि कार्यक्रम के सफल संचालन में नोडल अधिकारी प्रवेश गौतम की मुख्य भूमिका रही। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की रचनात्मकता को निखारने के लिए फॉक डांस, रोल प्ले, एस्से राइटिंग, पोस्टर मेकिंग, कार्टून मेकिंग, स्लोगन राइटिंग और डिबेट जैसी विभिन्न ज्ञानवर्धक व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मानहेरू की छात्राओं ने लगभग हर विधा में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। जिसमें कार्टून मेकिंग, एस्से राइटिंग और पोस्टर मेकिंग में छात्राओं ने अपनी अनूठी सोच और कला का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। स्लोगन राइटिंग स्पर्धा में स्कूल की छात्रा ने दूसरा स्थान हासिल किया। लोक संस्कृति से सराबोर फॉक डांस में स्कूल की टीम ने अपनी शानदार प्रस्तुति से तीसरा स्थान झटका। छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय के डीपीई दयानंद ने इसे टीम वर्क और छात्राओं की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि हमारे विद्यालय की बेटियों ने खंड स्तर पर जो मुकाम हासिल किया है, वह बेहद गर्व की बात है। आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य छात्राओं का सर्वांगीण विकास करना है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ जीवन के हर मंच पर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। यह सफलता स्कूल की अन्य छात्राओं को भी आगे बढऩे और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित करेगी। वही बेटियों की उपलब्धि पर विद्यालय प्राचार्या कृष्णा कुमारी, पीजीटी रजिता, टीजीटी सुनील कुमारी, सुख सहायक सत्यपाल ने भी बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।