{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani News: भिवानी में नारद जयंती पर पत्रकार संगोष्ठी; DIPRO सुरेंद्र सिंघल ने की अध्यक्षता, 10 पत्रकार सम्मानित

भिवानी मीडिया सेंटर में देवर्षि नारद जयंती पर "वर्तमान परिवेश में मीडिया की भूमिका" विषय पर संगोष्ठी। DIPRO सुरेंद्र सिंघल और अजय मल्होत्रा ने साझा किए विचार।

 
भिवानी, 15 मई : देवर्षि नारद जयंती के अवसर पर शुक्रवार को इंप्रूवमेंट मार्केट स्थित मीडिया सेंटर में वर्किंग जर्नलिस्ट एसोसिएशन भिवानी और विश्व संवाद केंद्र हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में वर्तमान परिवेश में मीडिया की भूमिका विषय पर पत्रकार संगोष्ठी आयोजित की। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे पत्रकारों ने मीडिया की बदलती भूमिका, पत्रकारिता के समक्ष मौजूद चुनौतियों और निष्पक्ष रिपोर्टिंग जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला लोक संपर्क अधिकारी सुरेंद्र सिंघल ने की। मुख्य अतिथि प्रमुख समाजसेवी रामदेव तायल रहे। कार्यक्रम का संचालन हरियाणा यूनियन आफ वर्किंग जर्नलिस्ट के प्रदेश महासचिव इंद्रवेश दुहन ने किया।
मुख्य वक्ता के रूप में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्रोफेसर डा. सुरेंद्र, हरियाणा यूनियन आफ वर्किंग जर्नलिस्ट के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अजय मल्होत्रा, जिला लोक संपर्क अधिकारी सुरेंद्र सिंघल व नरोत्तम बागड़ी ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में मुख्यधारा की पत्रकारिता के सामने अनेक चुनौतियां खड़ी हैं, लेकिन इसके बावजूद तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को जनहित और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर ही उसकी विश्वसनीयता बनाए रखी जा सकती है। वक्ताओं ने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि केवल बयान आधारित खबरों तक सीमित रहने की बजाय घटनास्थल की वास्तविक स्थिति को समझते हुए निष्पक्ष और संतुलित रिपोर्टिंग करनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान देवर्षि नारद के व्यक्तित्व एवं योगदान पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि नारद मुनि को सृष्टि का प्रथम संवादवाहक माना जाता है, जो तीनों लोकों में भ्रमण कर सूचनाओं का आदान-प्रदान करते थे। इसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए पत्रकारिता के मूल्यों और चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के जिला प्रधान जगबीर घणघस ने सभी पत्रकारों, छायाकारों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 नवोदित पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जिला प्रधान जगबीर घनघस, अजय सैनी, सरदार कृष्ण सिंह, केसरी शर्मा, सोमबीर शर्मा, मयूर जांगडा, पवन मित्तल, मंडन मिश्रा, शिवकुमार गुलिया, सुरेश मेहरा, हरिकिशन, अजय नायक, दीपक कुमार, नरेंद्र नैनू, सुमित जांगडा, अमन कुमार, जोनी कुमार, विवेक कांगड़ा, राकेश दांग,  नरेंद्र, अभिषेक ठाकुर, दीपक शर्मा, जगबीर दुग्गल, राकेश वर्मा, डॉ. नितिन वर्मा, संजय कोकचा, अनिल लांबा जुई, अशोक भारद्वाज राष्ट्रपति  अवॉर्डी, अनिल यादव, भागवत कौशिक, मिंटू, रवि भारद्वाज, सरदार अंकुश सिंह आदि पत्रकार उपस्थित रहे।