महिलाओं की सुरक्षा और उनका सशक्तिकरण ही है सर्वोच्च प्राथमिकता : उपाध्यक्ष मीना परमार
भिवानी, 28 जून : हरियाणा राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त उपाध्यक्ष मीना परमार का रविवार को स्थानीय रोहतक गेट स्थित राजपूत धर्मशाला में हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा द्वारा नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और सभा के पदाधिकारियों ने मीना परमार को स्मृति चिह्न भेंट कर और शाल ओढ़ाकर उनका आत्मीय स्वागत व नागरिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा राजपूत प्रतिनिधित्व सभा के जिला अध्यक्ष डा. बृजपाल सिंह पप्पू ने की, जबकि सभा के मुख्य संरक्षक आर.पी. सिंह ने विशेष रूप से उपस्थित होकर नवनियुक्त उपाध्यक्ष को अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर समाज और बाल कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए भिवानी बाल संरक्षण आयोग के चेयरमैन अधिवक्ता प्रदीप सिंह तंवर को भी सभा द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंच का संचालन कर्नल जगदीश सिंह ने किया।
इस मौके पर उपस्थित सभी को संबोधित करते हुए हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि मुझे जो यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह केवल एक पद नहीं, बल्कि प्रदेश की हर उस महिला की आवाज बनने का माध्यम है जो न्याय और संबल की आस रखती है। हरियाणा की महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, चाहे वह खेल हो, शिक्षा हो या राजनीति। मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगी कि राज्य का माहौल हर बेटी और महिला के लिए सुरक्षित, सुलभ और गरिमापूर्ण बने।
उन्होंने आगे कहा कि महिला आयोग केवल शिकायतों के निवारण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियानों के माध्यम से महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग बनाएगा। मीना परमार ने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे बेटियों की शिक्षा और उनके स्वावलंबन में बढ़-चढक़र सहयोग करें, क्योंकि एक सशक्त महिला ही एक मजबूत और प्रगतिशील समाज की नींव होती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डा. बृजपाल सिंह पप्पू ने कहा कि मीना परमार का महिला आयोग के उपाध्यक्ष पद पर चयन पूरे समाज और प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उनके नेतृत्व में महिला आयोग नई ऊंचाइयों को छुएगा और पीडि़त महिलाओं को त्वरित न्याय मिलेगा। वहीं मुख्य संरक्षक आर.पी. सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों का कल्याण ही किसी भी सभ्य समाज का मुख्य पैमाना होता है।
इस दौरान कर्नल जगदीश सिंह, जयपाल सिंह चौहान, वेदपाल सिंह परमार, प्रेम सिंह तंवर, बिजेंद्र सिंह परमार, योगेंद्र सिंह चौहान, हरिपाल सिंह तंवर, कंवर सिंह तहसीलदार, जयपाल राघव, राजपाल राघव, बीर सिंह कमांडो,नेपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह सरपंच, पवन सिंह सरपंच,रामपाल सिंह परमार , बिजेंद्र सिंह कोच, कैप्टेन हरिपाल सिंह जीतवनबास, कंवर सिंह तहसीलदार और सतबीर सिंह , धर्मबीर दहिया, राजपाल पार्षद , वीना तंवर, बिमला परमार ,शालू तंवर , बीर सिंह तंवर, सोनू परमार और पी के स्टार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।