{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- बरसात से पहले जल निकासी, सफाई और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को करें दुरुस्त: डीसी साहिल गुप्ता
 

भिवानी डीसी साहिल गुप्ता ने सफाई और जल निकासी प्रबंधों की समीक्षा की। मानसून से पहले नालों की सफाई और कचरा प्रबंधन के लिए अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।

 

भिवानी, 20  जून। डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में वार्डवाइज सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीसी ने निर्देश दिए कि शहर में सफाई, बरसात के मौसम से पहले नालों, ड्रेनों और जल निकासी मार्गों की समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा जनरेटर, वाटर पंप, मोटर एवं अन्य आवश्यक संसाधन पहले से उपलब्ध रखे जाएं ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने बैठक में सफाई कार्यों, जल निकासी प्रबंधों और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की।
डीसी ने अधिकारियों को अपने-अपने वार्ड में सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लोगों को निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीवरेज, बिजली और पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी तय करने, नंदीशाला के बाहर जाली एवं स्क्रीन चैंबर लगाने तथा खुले में कचरा डंप किए जाने वाले स्थलों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के वैज्ञानिक निस्तारण और प्रोसेसिंग साइटों पर साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए।  
बैठक में नगर निगम आयुक्त हरबीर सिंह ने डीसी को बताया कि वार्डवार सफाई अभियान के तहत चिन्हित 12 प्रमुख स्थलों का सुधार कार्य पूरा किया जा चुका है तथा एमआरएफ सेंटर यूनिट एवं प्लांट क्षेत्र को भी कवर किया गया है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए वाहनों की तैनाती कर उनके रूट चार्ट तैयार किए गए हैं और सभी वाहनों की रियल टाइम जीपीएस ट्रैकिंग की जा रही है। शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ-साथ स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आईआईटी रुडक़ी के सहयोग से लिगेसी वेस्ट के निस्तारण का कार्य जारी है और 85 हजार मीट्रिक टन में से केवल 17,500 मीट्रिक टन कचरा शेष रह गया है। शहर के प्रमुख ड्रेनों और पांच बड़े नालों की नियमित सफाई की जा रही है। डीसी साहिल गुप्ता ने प्रत्येक कचरा संग्रहण वाहन के साथ हेल्पर तैनात करने, सडक़ किनारे पड़े कचरे का समय पर उठान सुनिश्चित करने तथा नुक्कड़ नाटकों एवं जनजागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया कि शहर में आवारा पशुओं को पकडऩे का अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है। इस दौरान डीएमसी हरबीर सिंह, ईओ राजा राम सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे