{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली राहत
 

राज्यसभा सांसद किरण चौधरी के जन्मदिवस पर पार्षदों ने लगाई मीठे पानी की छबील
 
 
भिवानी, 05 जून : भिवानी में भीषण गर्मी और तपती धूप से परेशान आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए स्थानीय पार्षदों और समाजसेवियों ने एक सराहनीय कदम उठाया है। राज्यसभा सांसद किरण चौधरी के जन्मदिवस के पर शुक्रवार को भिवानी के विभिन्न वार्डों के पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर शहर में मीठे और शीतल जल की छबील का आयोजन किया। इस दौरान सैकड़ों राहगीरों, रिक्शा चालकों, राह चलते मजदूरों और आम नागरिकों को ठंडा व मीठा पानी पिलाकर गर्मी से राहत दी गई। सांसद किरण चौधरी के प्रति अपनी निष्ठा और उनके जन्मदिन को जनकल्याण के रूप में मनाने के उद्देश्य से उनके समर्थक पार्षदों ने इस छबील की कमान संभाली। आयोजन में मुख्य रूप से पार्षद अंकुर कौशिक, पार्षद मनीष गुरेजा, पार्षद मदन लाल, पार्षद जयवीर रंगा, पार्षद अनिल चौहान, पार्षद प्रतिनिधि चाहत कामरा सहित नवीन महता, योगेश गुरेजा और राकेश धमीजा ने अग्रिम भूमिका निभाई। सभी नेताओं और युवाओं ने खुद खड़े होकर आने-जाने वाले हर छोटे-बड़े वाहन चालक और राहगीर को रोक-रोक कर श्रद्धा के साथ शीतल जल ग्रहण करवाया। इस अवसर पर उपस्थित सभी पार्षदों और प्रतिनिधियों ने एक संयुक्त बयान जारी करते हुए राज्यसभा सांसद किरण चौधरी को जन्मदिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद किरण चौधरी का पूरा जीवन और राजनीति हमेशा जनता की सेवा और भिवानी के विकास को समर्पित रही है। उनके नेतृत्व में भिवानी ने विकास के नए आयाम छुए हैं। आज उनके जन्मदिवस के इस विशेष अवसर पर, उनके पदचिन्हों पर चलते हुए, हमने इस भीषण गर्मी में जनता की सेवा करने का संकल्प लिया है। सनातन धर्म में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य माना गया है, और हमारी नेता के जन्मदिन को मनाने का इससे बेहतर और सकारात्मक तरीका नहीं हो सकता था। उनका कहना था कि किरण चौधरी हमेशा कार्यकर्ताओं को राजनीति से ऊपर उठकर जनसेवा करने की प्रेरणा देती हैं। आज का यह आयोजन उसी प्रेरणा का परिणाम है। उन्होंने सांसद के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की।