{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- मुंढाल-तालू लिंक ड्रेन की सफाई का कार्य अंतिम चरण में, छह गांवों को मिलेगा लाभ
 

भिवानी में मानसून की तैयारी जारी। मुंढाल-तालू लिंक ड्रेन की 14.58 किमी सफाई पर 7.41 लाख खर्च। जलभराव से राहत के लिए सिंचाई विभाग का बड़ा कदम।
 

भिवानी, 23 जून। मानसून के मद्देनजर जिला में विभिन्न ड्रेनों की सफाई का कार्य चल रहा है, जिसमें मुंढाल-तालू लिंक ड्रेन भी शामिल है। गांव मुंढाल और कुंगड़ क्षेत्र में ड्रेन की आंतरिक सफाई का कार्य लगभग पूरा होने वाला है। सफाई का कार्य प्रगति पर है जल्दी ही तालू क्षेत्र में पहुंच जाएगा। सिंचाई विभाग ने 30 जून तक ड्रेन की सफाई करने का लक्ष्य रखा है।
सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता राहुल छिल्लर ने बताया कि डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार मुंढाल-तालू लिंक ड्रेन की आंतरिक सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों द्वारा ड्रेन की सफाई के कार्य का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लगभग 14.58 किलोमीटर (47,844 फीट) लंबी इस ड्रेन की सफाई पर 7.41 लाख रुपये की लागत खर्च की जा रही है। उन्होंने बताया कि ड्रेन की सफाई पूरी होने से बरसात के मौसम में पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इस परियोजना से गांव मुंढाल खुर्द, मुंढाल कलां, तालू, कुंगड़, सिवाना तथा ढाणी मेहंदा के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।