- बेसहारा पशुओं को पकडऩे में तेजी लाई जाए ताकि हादसे ना हों: हरबीर सिंह
- डीएमसी हरबीर सिंह ने समीक्षा बैठक में एजेंसी के प्रतिनिधियों को दिए सख्त निर्देश
भिवानी, 28 जुलाई। बेहसहारा गायों और नंदियों को गौशाला और नंदीशाला में आसरा दिलाने तथा आवारा कुत्तों की नसबंदी कार्य की समीक्षा को लेकर नगर परिषद में एजेंसी प्रतिनिधियों और नप अधिकारियों की एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएमसी हरबीर सिंह ने एजेंसी को निर्देश दिए कि बेसहारा पशुओं को पकडऩे में तेजी लाई जाए ताकि हादसे ना हों। गायों और नंदियों को गौशालाओं व नंदीशाला में आसरा दिलाया जाए। उन्होंने बताया कि शहर में कहीं भी बेसहारा पशुओं का झुंड आदि दिखाई दे तो नागरिक एंजेसी प्रतिनिधि रामनिवास के मोबाइल नंबर 9812751905 पर संपर्क कर सूचना दें। इस दौरान लोहारू, बवानीखेड़ा, सिवानी नगर पालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में डीएमसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सडक़ों पर घूम रहे बेसहारा गायों एवं नंदियों को उनकी सुरक्षा तथा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गौशालाओं एवं नंदीशाला में रखा जाएगा। उन्होंने पशुपालन विभाग को निर्देश दिए कि जिले की सभी गौशालाओं और नंदीशालाओं में पशुओं को आसरा देने की क्षमता का पता लगाया जाए।
डीएमसी हरबीर सिंह ने बताया कि शहर में आवारा कुत्तों को पकडऩे के लिए टेंडर जारी किए जा चुका है। शहर में लगभग चार हजार आवारा कुत्तों की पहचान की गई है, जिनमें से संबंधित एजेंसी अब तक 2,600 कुत्तों को पकडक़र नसबंदी की जा चुकी है। उन्होंने इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि कुत्तों के काटे जाने की घटना कम से कम हों।
उन्होंने एजेंसी के प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि आवारा पशुओं की लड़ाई या उनके कारण किसी प्रकार की जनहानि होती है, तो एजेंसी से नियमानुसार हर्जाना वसूल किया जाएगा। नगर परिषद का उद्देश्य शहर को आवारा पशुओं की समस्या से मुक्त करना, सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा पशुओं को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ इस अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।