{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani News: भिवानी की बहू नीतू सांगवान बनीं इंडिया नेक्स्ट फैशन मॉडल की मुख्य जूरी

भिवानी के नाथुवास की बहू नीतू सांगवान ने फैशन की दुनिया में गाड़ा झंडा। कानपुर के मेगा इवेंट में मुख्य जूरी मेंबर और स्टेट डायरेक्टर के रूप में हुईं शामिल।
 

भिवानी, 23 मई : फैशन और ग्लैमर्स की दुनिया में हरियाणा की बेटियों का डंका लगातार बज रहा है। इसी कड़ी में भिवानी जिले के गांव नाथुवास की बहू नीतू सांगवान ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर न केवल भिवानी बल्कि पूरे प्रदेशवासियों को गौरवांवित किया है। 17 मई को कानपुर में आयोजित हुए इंडिया नेक्स्ट फैशन मॉडल यूपी के फिनाले में नीतू सांगवान को बतौर मुख्य जूरी मेंबर (निर्णायक मंडल सदस्य) और हरियाणा स्टेट डायरेक्टर के रूप में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। इस प्रतिष्ठित शो में उन्होंने न केवल देशभर से आए उभरते हुए मॉडल और प्रतिभागियों की प्रतिभा का मूल्यांकन किया, बल्कि अपने अनुभवों से उनका मार्गदर्शन भी किया।
      नीतू सांगवान आज फैशन की दुनिया में किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट आत्मविश्वास और बेजोड़ प्रतिभा के दम पर कई राष्ट्रीय स्तर के खिताब अपने नाम किए हैं। वे इससे पहले वीजी मिसेज इंडिया ग्लोबल आइकॉन प्रतियोगिता में द्वितीय उपविजेता रह चुकी हैं। इसके अलावा उनके नाम वीजी मिसेज हरियाणा क्वीन और वीजी मिसेज इंडिया डायनामिक दिवा जैसे कई प्रतिष्ठित खिताब दर्ज हैं, जिन्होंने उन्हें इस इंडस्ट्री में एक सशक्त पहचान दिलाई है।
      इस शानदार उपलब्धि और कानपुर इवेंट की सफलता के बाद नीतू सांगवान ने कहा कि कानपुर का यह इवेंट बेहद सफल और ऊर्जा से भरपूर रहा। अब हमारी तैयारी अपनी माटी की प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच देने की है। बहुत जल्द विशाल इवेंट गुरु और छैल फैशन ब्रांड की तरफ से हमारे वीर राज्य हरियाणा में एक विशाल और भव्य फैशन इवेंट आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य हरियाणा के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं के हुनर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
      महिलाओं और युवाओं को प्रेरित करते हुए नीतू सांगवान ने कहा कि फैशन का मतलब सिर्फ बाहरी चकाचौंध या केवल अच्छा दिखना नहीं है। यह आपके भीतर छिपे आत्मविश्वास और आपकी वास्तविक शख्सियत को निखारने का एक बेहद सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वे चाहती है कि हमारे समाज की अधिक से अधिक महिलाएं और बेटियाँ अपने घरों से बाहर निकलें, इस रचनात्मक क्षेत्र में आगे आएं और बिना किसी झिझक के अपने सपनों को साकार करें। उन्होंने कहा कि यदि आपके पास सच्ची कड़ी मेहनत करने का जज्बा है और आपका संकल्प दृढ़ है, तो दुनिया का कोई भी मुकाम हासिल करना असंभव नहीं है। अपनी खुद की एक अलग पहचान बनाइए।