{"vars":{"id": "123258:4912"}}

प्रशासनिक अनदेखी की भेंट चढ़ा हरियाणा केसरी का सम्मान
 

भिवानी का पंडित नेकीराम शर्मा चौक प्रशासन की अनदेशी व बदहाली के आंसू रोने को मजबूर
 
 

पंडित नेकीराम शर्मा चौक की दुर्दशा के खिलाफ वेटरन संगठन भिवानी ने जताया रोष, दी चेतावनी
आजादी के नायक पंडित नेकीराम शर्मा चौक पर जमी गंदगी, एक साल से सोया है प्रशासन : बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल
महापुरूषों का अपमान नहीं होगा बर्दाश्त आंदोलन को मजबूर होगा संगठन : सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल


भिवानी, 26 मई : शहर के मुख्य चौकों और चौराहों पर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों व महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने के पीछे मुख्य उद्देश्य यह था कि आने वाली युवा पीढ़ी उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश व समाज के हित में कार्य कर सके। लेकिन आज शहर के चौकों की दुर्दशा को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि ये प्रतिमाएं महापुरुषों के सम्मान में नहीं, अपितु उनके अपमान के लिए लगाई गई थीं। ऐसा ही एक दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक नजारा भिवानी शहर के सबसे व्यस्ततम और मुख्य चौक घंटाघर पर देखने को मिल रहा है, जहां देश की आजादी में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी व हरियाणा केसरी पंडित नेकीराम शर्मा की प्रतिमा जिला प्रशासन की घोर अनदेखी और लापरवाही का शिकार है।
       इस गंभीर मुद्दे पर गहरा रोष प्रकट करते हुए वेटरन संगठन भिवानी के प्रधान सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल बामला ने जिला प्रशासन के रवैये पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाने वाले पंडित नेकीराम शर्मा के नाम पर स्थापित यह चौक आज अपनी बदहाली पर आंसू रो रहा है। विडंबना यह है कि यह शहर का सबसे प्रमुख और व्यस्त इलाका है, जहां से रोजाना हजारों लोग और प्रशासनिक अधिकारी गुजरते हैं। इसके बावजूद यह चौक पिछले करीब एक वर्ष से समस्याओं का गढ़ बना हुआ है। उन्होंने कहा कि चौक पर लगी लाइटें लंबे समय से खराब हैं, जिसके कारण रात के समय यह पूरा परिसर अंधेरे में डूबा रहता है। यही नहीं चौक के अंदर और चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है, जिससे स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा के आसपास कचरा पसरा रहता है।
      सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक और पीड़ादायक है कि जिस महान स्वतंत्रता सेनानी ने देश को आजाद कराने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया, आज उनके नाम पर बने चौक की सुध लेने वाला कोई नहीं है। जब हम अपने पूर्वजों, शहीदों और महापुरुषों का सम्मान ही नहीं सुरक्षित रख पाएंगे, तो हमारी युवा पीढ़ी को क्या संदेश जाएगा। ग्रेवाल ने बताया कि चौक की यह बदतर हालत पिछले एक साल से लगातार बनी हुई है। प्रशासन को इस संबंध में अवगत भी कराया गया, लेकिन उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। प्रशासन का यह उदासीन और लापरवाही पूर्ण रवैया हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का सीधा अपमान है।
     वेटरन संगठन भिवानी ने जिला प्रशासन को सीधे शब्दों में चेतावनी दी है कि इस चौक के साथ हो रहा खिलवाड़ अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधान सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल बामला ने साफ किया कि यदि प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेकर पंडित नेकीराम शर्मा चौक का जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण नहीं कराया, सफाई व लाइटों की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की, तो वेटरन संगठन भिवानी के बैनर तले पूर्व सैनिक और शहरवासी अपना रोष तेज करने को मजबूर होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जरूरत पड़ी तो संगठन के सदस्य इसी चौक के समीप अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भिवानी जिला प्रशासन की होगी।