{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 9 दिवसीय कार्यक्रमों का आगाज

9 दिनों तक होंगे गौसेवा, गीता पाठ, हवन, सत्संग व विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम : चरणदास महाराज
धर्म और संस्कारों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक करना है कार्यक्रम का उद्देश्य : चरणदास महाराज
 
भिवानी, 17 अप्रैल : धर्मनगरी भिवानी में अक्षय तृतीया एवं भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। युवा जागृति एवं जन कल्याण मिशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित 9 दिवसीय विशेष कार्यक्रमों का शुक्रवार को श्रद्धापूर्वक शुभारंभ किया गया। यह आध्यात्मिक उत्सव हनुमान जोहड़ी मंदिर परिवार के सहयोग से और बालयोगी महंत चरणदास महाराज के सान्निध्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जोहड़ी मंदिर परिवार द्वारा निकाली जा रही नगर परिक्रमा के तहत शुक्रवार सुबह हुई। जब यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए भगवान परशुराम चौक पहुंची तो वहां बालयोगी महंत चरणदास महाराज और ट्रस्ट के सदस्यों ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर पूरा चौक जय परशुराम और जय श्री राम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर बालयोगी महंत चरणदास महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान परशुराम केवल एक समाज के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के आदर्श हैं। उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में यह 9 दिवसीय आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहेगा। इन 9 दिनों में हम गौ सेवा, गीता पाठ, हवन और सत्संग के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना जगाएंगे। साथ ही, समाज को जल एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेश भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस 9 दिवसीय कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने धर्म और संस्कारों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि 9 दिनों तक प्रतिदिन सामूहिक गीता पाठ, विशेष हवन-यज्ञ और संतों के सान्निध्य में सत्संग का आयोजन होगा। वही जल संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। हनुमान जोहड़ी मंदिर परिवार और युवा जागृति एवं जन कल्याण मिशन ट्रस्ट के इस संयुक्त प्रयास की शहरवासियों ने सराहना की है। इस अवसर पर अधिवक्ता घनश्याम शर्मा, ओमवीर शर्मा, धर्मवीर दहिया, शिवकुमार चित्रकार, जयपाल परमार, सुनील गर्ग, मोनू, दनवंती देवी, सोनिया खुंडिया, जगवंती देवी, सरिता, चंचल वर्मा, निशा, संजय वर्मा, मोनू परमार सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।