{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Teacher Suicide News: भिवानी के फूलां देवी कन्या स्कूल में शिक्षक ने किया सुसाइड, पहले पिया जहर फिर लगाया फंदा

भिवानी के फूलां देवी कन्या स्कूल में शिक्षक सावंत ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाकर फंदा लगाया। पुलिस जांच में जुटी।
 

हरियाणा के भिवानी के पतराम गेट स्थित फूलां देवी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत एक अध्यापक ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। शुरुआती छानबीन के मुताबिक शिक्षक ने पहले किसी विषैले पदार्थ का सेवन किया और फिर विद्यालय के एक कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।

सामान्य दिनों की तरह ली क्लास
मृतक अध्यापक की पहचान भिवानी के न्यू भारत नगर निवासी लगभग 35 वर्षीय सावंत के रूप में हुई है। सावंत के परिवार में छह महीने पहले ही एक बच्चे का जन्म हुआ था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह सावंत रोजाना की तरह स्कूल पहुंचे थे और उन्होंने छात्राओं की क्लास भी ली। इसके बाद वे इमारत की छत पर बने एक खाली कमरे में चले गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब तलाश की गई, तो वहां उनका शव लटका मिला।

कमरे से जहरीले पदार्थ की शीशी बरामद
घटनास्थल से पुलिस को एक विषैले पदार्थ की बोतल बरामद हुई है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि फंदा लगाने से पूर्व उन्होंने जहर निगला था। सूचना मिलते ही दिनोद गेट पुलिस चौकी की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और कागजी औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अचानक हुई इस वारदात से मृतक के परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सभी संभावित कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही
पुलिस चौकी के प्रभारी राजेश ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल परिसर में शिक्षक की ओर से आत्महत्या किए जाने की खबर पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। परिजनों को सूचित कर घटनास्थल पर बुलाया गया। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई (सीआरपीसी 174) अमल में लाई है और मामले के सभी संभावित कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।