भिवानी: एंटी नारकोटिक्स सैल की बड़ी कार्रवाई; 4 किलो से ज्यादा गांजा सहित तस्कर गिरफ्तार
भिवानी पुलिस ने रतेड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी कर मुजादपुर निवासी अमित को 4 किलो 968 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा। आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
एंटी नारकोटिक्स सैल भिवानी की टीम ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को किया गिरफ्तार, 04 किलो 968 ग्राम गांजा बरामद।*
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स सैल भिवानी की टीम ने गांजा बेचने के लिए आ रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 03 मई 2026 को एंटी नारकोटिक्स सैल के एएसआई जसवंत सिंह अपनी टीम के साथ गश्त व जांच पड़ताल के दौरान गांव रतेड़ा क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि मुजादपुर की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ गांजा लेकर खानक-तोशाम क्षेत्र में बेचने के लिए आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 4 किलो 968 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अमित पुत्र आंनद निवासी मुजादपुर के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से बरामद गांजा, एक मोबाइल फोन व मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया गया है।
आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 01 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की गई। रिमांड अवधि पूर्ण होने के पश्चात आरोपी को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया है।
भिवानी: एंटी नारकोटिक्स सैल की बड़ी कार्रवाई; 4 किलो से ज्यादा गांजा सहित तस्कर गिरफ्तार