सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने बंद मकान का ताला तोड़कर आभूषण व नकदी चोरी करने के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, 08 दिन के पुलिस रिमांड पर।
भिवानी में बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश। सीआईए स्टाफ ने मध्य प्रदेश के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, रिमांड पर पूछताछ जारी।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा घरों में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी तथा उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने उक्त मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नवदीप निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, भिवानी हाल निवासी रोहतक ने थाना शहर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका गली नंबर-6, भिवानी स्थित मकान लंबे समय से बंद पड़ा था। उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली कि उनके मकान के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि मकान के ताले टूटे हुए थे तथा घर के अंदर रखे आभूषण और नकदी चोरी हो चुकी थी। शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान दिनांक 11.06.2026 को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के मुख्य सिपाही ओमप्रकाश ने माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद पुत्र आकाश निवासी कनेरा, (मध्य प्रदेश), मनीराम पुत्र रामरतन निवासी माधोगढ़ (मध्य प्रदेश), वीरेंद्र पुत्र हरिसिंह निवासी मध्य प्रदेश, अर्जुन पुत्र दुर्गा निवासी कनेरा (मध्य प्रदेश) तथा अभय पुत्र जॉनी निवासी कनेरा (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें 08 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से चोरी किए गए सामान की बरामदगी, अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ तथा मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे।