भिवानी पुलिस की कार्रवाई: बैटरी चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी भी बरामद
भिवानी शहर पुलिस ने "एसके ट्रेड" दुकान से बैटरी चोरी करने वाले आरोपी राजेश को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी की 2 बैटरियां और चोरी की गई स्कूटी बरामद की गई।
प्रेस नोट
जिला पुलिस भिवानी
दिनांक: 30, अप्रैल 2026
थाना शहर पुलिस भिवानी द्वारा इलेक्ट्रिक दुकान से बैटरी चोरी करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बैटरियां व स्कूटी बरामद।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशन में जिले में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर पुलिस भिवानी ने एक अहम सफलता हासिल करते हुए बैटरी चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
भजनलाल निवासी पतराम गेट, भिवानी ने थाना शहर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी “एसके ट्रेड” नाम से इलेक्ट्रिक सामान की दुकान है, जहां स्क्रैप की पुरानी बैटरियां रखी हुई थीं। दिनांक 28 अप्रैल 2026 की शाम को एक अज्ञात स्कूटी सवार व्यक्ति उनकी दुकान से दो बैटरियां चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना शहर भिवानी के अंतर्गत पुलिस चौकी जैन चौक के मुख्य सिपाही आजाद सिंह की टीम ने आरोपी को त्रिवेणी जोहड़ी बैंक कॉलोनी, भिवानी से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश पुत्र रामधारी निवासी त्रिवेणी जोहड़ी बैंक कॉलोनी, भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां बरामद की गई हैं। साथ ही, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को भी बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उक्त स्कूटी उसने जनवरी माह में घंटाघर, भिवानी क्षेत्र से चोरी की थी।
गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं।
जिला पुलिस भिवानी आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
पुलिस प्रवक्ता
जिला पुलिस भिवानी।।