{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी ने पैरोल तोड़कर गाड़ी चोरी कर फरार होने की फिराक में आरोपी को उसके साथी के साथ किया गिरफ्तार।
 

पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई गाड़ी बरामद की
 
 

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा पैरोल पर आए ऐसे कैदियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है, जो पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद समय पर जेल में आत्मसमर्पण नहीं करते। इसी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने पैरोल तोड़कर वाहन चोरी कर फरार होने की फिराक में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

इस संबंध में शिकायतकर्ता दीपक निवासी गांव तिगड़ाना ने थाना सिविल लाइन भिवानी में शिकायत दर्ज कराई कि वह राजीव कॉलोनी, भिवानी में मेडिकल स्टोर संचालित करता है। दिनांक 8 जुलाई 2026 को एक युवक उसके मेडिकल स्टोर पर मोबाइल चार्ज करने के बहाने आया। इस दौरान उसने दुकान में रखी कार की चाबी चोरी कर ली और बाद में शिकायतकर्ता की गाड़ी चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

अभियोग में त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 8 जुलाई 2026 को सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के मुख्य सिपाही बिजेंद्र ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए दिल्ली से मुख्य आरोपी कपिल उर्फ राहुल पुत्र जगजीत निवासी तिगड़ाना, जिला भिवानी को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपी के साथी ललित पुत्र विक्रम सिंह निवासी तिगड़ाना, जिला भिवानी को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई गाड़ी बरामद कर ली गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी कपिल 28 अप्रैल 2026 को पैरोल पर जिला कारागार से बाहर आया था। पैरोल अवधि समाप्त होने पर उसे 8 जुलाई 2026 को पुनः जेल में आत्मसमर्पण करना था, लेकिन वह वापस जेल न जाकर वाहन चोरी कर फरार होने की फिराक में था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कपिल के विरुद्ध जिला भिवानी में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह वर्तमान में स्नेचिंग के एक मामले में जिला कारागार में सजा काट रहा था।

दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।