{"vars":{"id": "123258:4912"}}

स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने गाड़ी चालक से अवैध वसूली कर रुपये छीनने के मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी व ₹ 1,900/- रुपए बरामद।
 

भिवानी के सिवानी में नेशनल हाईवे पर गाड़ी चालक से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद की।
 

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के द्वारा जिला पुलिस को छीनाझपटी एवं लूट जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने गाड़ी चालक से रुपये छीनने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

इस संबंध में अमन निवासी कैथल ने थाना सिवानी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने वाहन से झुंझुनू, राजस्थान जा रहे थे। जब वह नेशनल हाईवे-52 पर सिवानी क्षेत्र में पहुंचे तो पीछे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार दो युवक आए और उनसे अवैध वसूली के तौर पर रुपये मांगने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता से ₹ 5,000/- रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

उक्त अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ ईशरवाल के सहायक उप निरीक्षक जोगिंद्र पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 22 जून 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राविण पुत्र धर्मबीर सिंह निवासी कालोद तथा अमित पुत्र ईश्वर निवासी खारिया, जिला हिसार के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी तथा ₹ 1,900/- रुपए बरामद किए गए हैं।

 प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी खेती-बाड़ी का कार्य करते हैं। वहीं आरोपी राविण के विरुद्ध पूर्व में लड़ाई-झगड़ा एवं हत्या जैसे गंभीर मामलों में कुल छह अभियोग दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए। पुलिस टीम के द्वारा अभियोग में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।