डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने न्यू भारत नगर भिवानी में मकान से चांदी के आभूषण व रुपए चोरी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा घरों में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की धरपकड़ कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में फूल कुमार निवासी न्यू भारत नगर भिवानी ने थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि दिनांक 14.05.2026 को वह अपने परिवार सहित रिश्तेदारों के पास गया हुआ था। जब वह वापस घर लौटा तो देखा कि घर के गेट के ताले टूटे हुए थे तथा अज्ञात व्यक्ति घर से चांदी के आभूषण व नकदी चोरी करके ले गए थे। शिकायत पर थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू के उप निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर में चोरी की वारदात में शामिल आरोपी को बैंक कॉलोनी भिवानी क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी आदर्श कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से एक चांदी का कड़ा, एक चांदी की अंगूठी, दो चांदी की चुटकी, दो चांदी के सिक्के, एक हजार रुपए नकद तथा वारदात में प्रयोग की गई एक स्कूटी बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने का आदी है तथा नशे की पूर्ति के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के विरुद्ध पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। रिमांड अवधि पूर्ण होने के बाद आरोपी को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।