{"vars":{"id": "123258:4912"}}

थाना बहल पुलिस ने खेतों से ट्यूबवेल की केबल चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार।
 

आरोपियों ने थाना तोशाम, लोहारू, जुई, बवानी खेड़ा, सिवानी व बहल क्षेत्र में कई वारदातों का किया खुलासा।
 
 

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के द्वारा जिला पुलिस को खेतों में ट्यूबवेल की केबल चोरी करने की वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना बहल पुलिस ने खेतों से ट्यूबवेल की केबल चोरी करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

इस संबंध में राजेश निवासी बुशान ने थाना बहल में शिकायत दर्ज करवाई थी कि दिनांक 25.05. 2026 को चोर उनके खेत से ट्यूबवेल की केबल चोरी करके ले गए। शिकायत पर थाना बहल में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।

मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना बहल के मुख्य सिपाही देवेंद्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। 

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मनजीत पुत्र बलवीर निवासी गांव कंवरपुरा जिला सिरसा तथा पवन पुत्र राजेंद्र निवासी बरवाला के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने थाना तोशाम, लोहारू, जुई, बवानी खेड़ा, सिवानी व बहल क्षेत्र में खेतों से ट्यूबवेल की केबल चोरी करने की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी कबाड़ खरीदने का कार्य करते थे तथा साथ ही केबल चोरी की वारदातों को भी अंजाम देते थे। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई एक टाटा ऐस गाड़ी भी बरामद की गई है।

पुलिस रिमांड अवधि पूर्ण होने के बाद आज आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने दोनों आरोपियों को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए हैं।