Dhanana Village Bhiwani Murder Case: खेत में वृद्ध महिला पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करने के मामले में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
थाना सदर पुलिस भिवानी ने गांव धनाना में खेत में वृद्ध महिला पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी व उसके भाई को किया गिरफ्तार।
पुलिस टीम ने आरोपियों से वारदात में प्रयोग किया गया ट्रैक्टर व एक डंडा किया बरामद।
दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सदर पुलिस भिवानी ने गांव धनाना में खेत में वृद्ध महिला पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी व उसके भाई को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 25.09.2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव धनाना में खेत में एक व्यक्ति ने एक महिला व अन्य व्यक्ति के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया है। इस वारदात में प्यारी देवी नामक वृद्ध महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। सूचना प्राप्त होते ही थाना सदर पुलिस, सीआईए स्टाफ भिवानी व सीन ऑफ क्राईम की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। शिकायतकर्ता सोनू निवासी धनाना, जिला भिवानी की शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध अभियोग दर्ज किया गया।
दिनांक 26.09.2026 को अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना सदर भिवानी के प्रभारी निरीक्षक महाबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वृद्ध महिला की ट्रैक्टर से हत्या करने के मामले में दो आरोपियों को धनाना से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित उर्फ देसी पुत्र राजकुमार निवासी धनाना, जिला भिवानी तथा उसके भाई सुमित पुत्र राजकुमार निवासी धनाना, जिला भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयोग किया गया ट्रैक्टर तथा एक डंडा बरामद किया।
पुलिस जांच के अनुसार शिकायतकर्ता के खेत में से ट्रैक्टर निकालने को लेकर विवाद हुआ था। शिकायतकर्ता का भाई पवन खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी अमित ट्रैक्टर लेकर खेत के बीच से निकलने लगा। पवन द्वारा ट्रैक्टर को खेत के बीच से ले जाने से रोकने पर आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर पवन की तरफ मोड़ दिया। इसी दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से प्यारी देवी की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि राजेश घायल हो गया।
पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को रिमांड अवधि पूर्ण होने के बाद आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय ने आरोपियों को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए हैं।
अभियोग में आगामी अनुसंधान जारी है तथा वारदात में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।