स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने गांव जमालपुर से मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद।
भिवानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई। स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन बरामद किया। नशा पूरा करने के लिए दी थी वारदात को अंजाम।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए स्पेशल स्टाफ ईशरवाल की टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है तथा उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
मक्खन निवासी गांव जमालपुर ने थाना बवानी खेड़ा में शिकायत दर्ज करवाई थी कि दिनांक 10.06. 2026 की शाम को उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल अपने मकान के सामने खड़ी की थी। कुछ समय बाद अज्ञात व्यक्ति उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना बवानी खेड़ा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 18.06.2026 को स्पेशल स्टाफ ईशरवाल के मुख्य सिपाही प्रदीप कुमार ने अपनी टीम के साथ आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्ण पुत्र रामपाल निवासी गांव किरावड़, जिला भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है तथा नशे की पूर्ति के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए हैं।